विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड निकाय चुनाव में हिंसा: गिरिडीह में फायरिंग, बोकारो में डीएसपी घायल, रांची-धनबाद में झड़पें

Published: Mon, 23 Feb 2026 08:04 PM (IST)

झारखंड में नगर निकाय चुनाव का मतदान छिटपुट घटनाओं और हिंसक झड़पों के बीच संपन्न हुआ। गिरिडीह में फायरिंग हुई, ...और पढ़ें

रांची के हिंदपीढ़ी में बोगस वोटिंग के आरोप पर बवाल के बाद सुरक्षा बलों से जोर आजमाइश। (फोटो: मनोरंजन)

रांची के हिंदपीढ़ी में बोगस वोटिंग के आरोप पर बवाल के बाद सुरक्षा बलों से जोर आजमाइश। (फोटो: मनोरंजन)

HighLights

  1. गिरिडीह में फायरिंग, दो युवक घायल, पथराव भी हुआ।

  2. बोकारो में डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह हुए मारपीट में जख्मी।

  3. रांची, धनबाद, जमशेदपुर में मतदान के दौरान हिंसक झड़पें।

राज्य ब्यूरो, रांची। छिटपुट घटना, हिंसक झड़प के बीच राज्य में नगर निकाय चुनाव के दौरान सोमवार को मतदान का समापन हो गया। गिरिडीह में जहां फायरिंग हुई, वहीं बोकारो में डीएसपी जख्मी हो गए।

रांची व धनबाद में कई गुट आपस में भिड़ गए। जमकर लात-जूते चले। ऐसा तब हुआ, जब प्रदेश में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप), इंडियन रिजर्व बटालियन (आइआरबी) व गृह रक्षकों के 9500 से जवान, जिलों में वहां उपलब्ध बल का 30 प्रतिशत बल चुनाव ड्यूटी में लगा था।

इस चुनाव में केंद्रीय बल की मदद नहीं ली गई थी। गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र के भंडारीडीह में मतदान खत्म होने के बाद फायरिंग में एक पक्ष के दो युवक जख्मी हो गए, उन्हें धनबाद रेफर किया गया।

इस घटना के विरोध में पथराव भी हुआ, जिसमें कई को हल्की चोटें आईं। बोकारो जिले में चास नगर निगम चुनाव के मतदान के दौरान वहां वार्ड नंबर 32 में बने वन विभाग स्थित मतदान केंद्र पर बाहरी लोगों के बूथ के भीतर प्रवेश दिलाने को लेकर भारी बवाल हुआ।

वहां मौके पर मौजूद एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की घटना घटी। इसमें एसडीपीओ की नाक पर चोट आई है।

यहां पार्षद प्रत्याशी के पति रामाशंकर सिंह पर कथित रूप से कुछ बाहरी व्यक्तियों को जबरन मतदान केंद्र के भीतर ले जाने के प्रयास का आरोप लगा। कई आरोपित हिरासत में हैं।

रांची के हिंदपीढ़ी में बोगस वोटिंग पर बवाल

IMG-20260223-WA0359

रांची के हिंदपीढ़ी स्थित इदरीसिया तंजीम स्कूल में मतदान के दौरान दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। आसपास के लोगों व पुलिस की पहल पर मामले को शांत कराया गया।

धनबाद जिले में छिटपुट झड़प की घटना सामने आई है। वहां वार्ड संख्या 22 में पार्षद पद की प्रत्याशी शिल्पी सिंह के भाई राज आनंद सिंह के साथ मारपीट हुई।

वहीं, धनबाद के ही वार्ड 27 के एचई स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर दो पार्षद प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए।

जमशेदपुर से सूचना है कि वहां जुगसलाई में बोगस वोटिंग का आरोप लगा प्रत्याशी रिंकू सिंह के समर्थकों ने हंगामा किया, जिससे करीब एक घंटे तक मतदान रुका रहा।

पांचवींं अनुसूची क्षेत्र में नगरपालिका चुनाव के विरोध में कोल्हान बंद बुलाया गया था, जिसके चलते चांडिल में हाइवे को जाम किया गया था।

गुमला में वार्ड नंबर चार स्थित अंबेडकर नगर के मतदान केंद्र पर मतदान के दौरान दो गुटों में मारपीट हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।