झारखंड राज्यसभा चुनाव: JMM में आदिवासी तो कांग्रेस में जनरल प्रत्याशी पर दांव की चर्चा, सियासी सरगर्मी तेज
झारखंड में राज्यसभा चुनाव के लिए सभी दल उम्मीदवारों पर मंथन कर रहे हैं, जिसमें झामुमो का फैसला कांग्रेस की उम्मीदवारी के लिए महत्वपूर्ण है। ...और पढ़ें
-1780242547104_m.webp)
झारखंड राज्यसभा चुनाव। (जागरण)
HighLights
झामुमो और कांग्रेस राज्यसभा उम्मीदवारों पर कर रहे गहन मंथन।
झामुमो से आदिवासी चेहरे को मैदान में उतारने की उम्मीद।
कांग्रेस झामुमो के फैसले का कर रही है बेसब्री से इंतजार।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सभी दलों ने उम्मीदवारों को लेकर मंथन तेज कर दिया है। उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक समीकरण को साधने की कोशिशें भी हो रही हैं।
झामुमो से इस बार आदिवासी चेहरा के चुने जाने की पूरी उम्मीद है। मुख्यमंत्री की बहन अंजली सोरेन का नाम भी आगे आ रहा है। दूसरी ओर, कांग्रेस की ओर से गैर आदिवासी को उम्मीदवार बनाया जाना तय माना जा रहा है।
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव होना है। इनमें से एक सीट पर कांग्रेस दावेदारी कर रही है। कांग्रेस की दावेदारी का आधार पार्टी के विधायकों की संख्या है। 16 विधायकों के साथ कांग्रेस गठबंधन की दूसरी बड़ी पार्टी है।
सीएम से मिल चुके वरिष्ठ नेता
सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायक एकजुट रहे तो दोनों सीटें जीतने की अधिक उम्मीद है। कांग्रेस आलाकमान का संदेश लेकर वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिल भी चुके हैं।
इन बैठकों में एक सीट कांग्रेस को देने पर मुख्यमंत्री ने दो दिनों का समय मांगा था। साेमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से गठबंधन को लेकर शर्तें तय कर दी जाएंगी।
इधर, कांग्रेस पार्टी की ओर से अभी से संभावित उम्मीदवार को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। पार्टी वोट बैंक को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवार पर निर्णय लेगी।
पिछड़ा वर्ग से नहीं होगा प्रत्याशी
राज्यसभा चुनाव के लिए पिछड़ा वर्ग से उम्मीदवार होने की संभावना फिलहाल कम है, क्योंकि पार्टी में पिछड़ा वर्ग से विधायक दल के नेता और प्रदेश अध्यक्ष पहले से ही चुने जा चुके हैं।
ऐसे में कहीं ना कहीं सामान्य वर्ग को भी जोड़कर रखने की कोशिश होगी और इस वर्ग से उम्मीदवार का चयन कर राज्यसभा में उम्मीदवार तय किया जाएगा।
इधर, कांग्रेस के सीनियर नेता बता रहे हैं कि सर्वाधिक कठिनाई ऐसे उम्मीदवार के चयन में आएगी जो कांग्रेस को भी पसंद हो और मुख्यमंत्री को भी। स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी झामुमो के उम्मीदवार की घोषणा के बाद ही इसपर अंतिम निर्णय लेगी।