विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

24 घंटें में 6 नए स्वाइन फ्लू के मरीज मिले, झारखंड के सभी जिलों में जल्द शुरू होगी जांच; 1000 पीजी डॉक्टर लाए जाएंगे

Published: Thu, 03 Sep 2026 09:30 AM (IST)Updated: Thu, 03 Sep 2026 10:30 AM (IST)

अपर मुख्य सचिव ने सभी जिलों में स्वाइन फ्लू जांच सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए हैं, जो वर्तमान में ...और पढ़ें

प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के एक सीएचसी को किया जाएगा अपग्रेड।

प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के एक सीएचसी को किया जाएगा अपग्रेड।

HighLights

  1. सभी जिलों में स्वाइन फ्लू जांच सुविधा शीघ्र होगी शुरू।

  2. चिकित्सकों की कमी हेतु 1000 पीजी डॉक्टर होंगे बहाल।

  3. प्रत्येक विधानसभा में एक सीएचसी का होगा उन्नयन।

राज्य ब्यूरो, रांची। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने स्वाइन फ्लू की जांच की सुविधा सभी जिलों में सुनिश्चित करने के निर्देश सिविल सर्जनों को दिए हैं। वर्तमान में इसकी जांच की व्यवस्था रांची सदर अस्पताल और जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में ही उपलब्ध है।

अपर मुख्य सचिव ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के कार्यक्रमों की समीक्षा के क्रम में ये निर्देश दिए। इसमें स्वाइन फ्लू की स्थिति, जांच व्यवस्था, एचएमआइएस, सीसीटीवी इंस्टालेशन, कर्मियों के प्रशिक्षण तथा चिकित्सक एवं पारामेडिकल कर्मियों के पदों के पुनर्गठन पर विस्तार से चर्चा हुई।

अपर मुख्य सचिव ने सभी जिलों से स्वाइन फ्लू की स्थिति और जांच की जानकारी ली। उन्होंने जांच के लिए आरटी-पीसीआर मशीनों की उपलब्धता, खराब मशीनों की मरम्मत और जांच किट की स्थिति की भी जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि जहां मशीन उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल इसकी खरीद के लिए प्रस्ताव भेजा जाए। जरूरत पड़ने पर तकनीशियन और पैथोलाजिस्ट को रिम्स अथवा सदर अस्पताल में प्रशिक्षण दिलाया जाए। उन्होंने ट्रूनेट मशीनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी जिलों को एचएमआइएस को पूरी तरह क्रियाशील करने तथा आवश्यकतानुसार कर्मियों को प्रशिक्षण देने का निर्देश दिए।
सीसीटीवी इंस्टालेशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि एजेंसी जल्द ही जिलों में जाकर कैमरे लगाने के स्थान का प्लान तैयार करे, ताकि महत्वपूर्ण स्थानों पर कैमरे लगाए जा सकें और आवश्यक निगरानी सुनिश्चित हो।

अपर मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य में चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए जल्द ही दक्षिण भारत के राज्यों से लगभग एक हजार पीजी डाक्टर लाने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि सभी सिविल सर्जनों से प्राप्त सुझावों के आधार पर अस्पतालों में पदों का संख्या के अनुरूप निर्धारण किया जाएगा।

उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक सीएचसी को अपग्रेड करने के लिए भेजे गए प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने का निर्देश दिया। बैठक में विशेष सचिव डा. नेहा अरोड़ा, अपर सचिव शशि प्रकाश सिंह, संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला सहित विभाग के कई पदाधिकारी और सभी जिलों के सिविल सर्जन सम्मिलित थे।

सहिया को मिलेगा छह माह का ड्रेसिंग और ब्लड कलेक्शन का प्रशिक्षण

अपर मुख्य सचिव ने राज्य के 125 स्थानों पर एचपीएलसी मशीन उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही सहिया को प्रशिक्षण देकर ब्लड कलेक्शन और ड्रेसिंग का कार्य करने योग्य बनाने का निर्णय लिया गया। प्रत्येक सब सेंटर पर बेहतर शैक्षणिक योग्यता वाली दो सहियाओं का चयन कर उन्हें छह माह का प्रशिक्षण देने का प्रस्ताव है।

इसके अलावा एमपीडब्ल्यू को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 80 कालेज ऐसे हैं, जहां इस प्रकार का प्रशिक्षण कराया जा सकता है।

पिछले 24 घंटे में छह नए स्वाइन फ्लू के मरीज मिलें, कोई भर्ती नहीं

रिम्स में पिछले 24 घंटें में छह नए स्वाइन फ्लू के पाजिटिव मरीज मिले। ये सभी मरीज रिम्स में हुए जांच में मिले हैं। हालांकि किसी को भी भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी है। रिम्स पीआरओ डा. शिशिर कुमार बताते हैं कि स्वाइन फ्लू के शुरुआती लक्षणों से घबराने की जरूरत नहीं है। इसका लक्षण के अनुसार इलाज किया जाता है और यह ठीक हो जाता है।

कुछ मामलों में यह काफी गंभीर होता है जिसके बाद मरीज को भर्ती करने की जरूरत पड़ती है। स्वाइन फ्लू को लेकर अलग से आइसोलेशन वार्ड बनाया जा चुका है, जिसमें जरूरत के हिसाब से मरीज को भर्ती किया जाएगा।

सदर अस्पताल में आज से शुरू होगी स्वाइन फ्लू की जांच

राजधानी में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों और इसके लक्षण वाले मरीजों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए सदर अस्पताल में अब गुरुवार से स्वाइन फ्लू की जांच शुरू होगी। अस्पताल प्रबंधन ने जांच के लिए आवश्यक किट की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली है। अब तक किट उपलब्ध नहीं होने के कारण अस्पताल में पहुंचने वाले संदिग्ध मरीजों की जांच नहीं हो पा रही थी।

सिर्फ रिम्स में जांच की सुविधा थी। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक के अनुसार गुरुवार से अस्पताल में स्वाइन फ्लू की जांच की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। पिछले कुछ दिनों से बड़ी संख्या में मरीज बुखार, खांसी, सर्दी और सांस लेने में परेशानी जैसे स्वाइन फ्लू से मिलते-जुलते लक्षणों के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं।

ऐसे मरीजों की जांच शुरू होने से संक्रमण की पहचान समय पर करने और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि लक्षण वाले मरीजों की चिकित्सकीय जांच के बाद आवश्यकता के अनुसार स्वाइन फ्लू की जांच कराई जाएगी।

रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को उपचार एवं आगे की निगरानी की सुविधा दी जाएगी। रिम्स में पहले से हो रही जांच के बीच सदर अस्पताल में सुविधा शुरू होने से संदिग्ध मरीजों को जांच के लिए दूसरे केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।