By kumar Gaurav Edited By: Sanjeev Kumar Updated: Wed, 31 Jan 2024 07:54 AM (IST)
Jharkhand Ka Mausam झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर से मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 31 जनवरी और 1 फरवरी को एक ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची समेत सभी जिलों में मौसम के तेवर का उतार चढ़ाव जारी है। दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का असर रहता है तो शाम ढलते ही सर्दी अपना असर दिखाना शुरू कर देती है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने भी अपने पूर्वानुमानों में ठंड का असर कायम रहने की संभावना जताई है। साथ ही कहा गया कि आगामी दिनों पूरे राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और ठंड से फरवरी के प्रथम सप्ताह से राहत मिलने की संभावना है।
इन 10 जिलों में होगी बारिश
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 31 जनवरी और 1 फरवरी को एक बार फिर बारिश होने की संभावना है। बताया कि राजधानी रांची समेत रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, बोकारो के साथ साथ दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा हो सकती है। जिससे दोनों दिन इन जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोत्तरी के अनुमान हैं।
लिहाजा, फरवरी के पहले सप्ताह से सर्दी का असर कुछ हद तक कम होगा। विज्ञानी ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर राजधानी समेत 10 जिलों में भी देखने को मिलेगा जबकि शेष जिलों में मौसम सामान्य बना रहेगा। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। राज्य के दक्षिणी हिस्सों में कहीं कहीं काेहरे का असर देखा गया।
रांची और बोकारो का तापमान
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस बोकारो का रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी की बात करें तो अधिकतम 26.7 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
ठंड से एक की मौत
वहीं दूसरी ओर पहाड़ी मंदिर के पास एक व्यक्ति की मृत्यु ठंड से होने की सूचना मिली है। इस बाबत राष्ट्रीय युवा शक्ति के केंद्रीय अध्यक्ष उत्तम यादव ने बताया कि पहाड़ी मंदिर के बाहर एक पेड़ के नीचे उक्त व्यक्ति पिछले कुछ दिनों से पड़ा था।
मंगलवार को अचानक सूचना मिली कि उक्त व्यक्ति की मृत्यु हो गई। जिसे राष्ट्रीय युवा शक्ति के निश्शुल्क मोक्ष यात्रा वाहन से मुक्तिधाम पहुंचाया गया। इस दौरान सुखदेवनगर थाना के एसआइ रणधीर सिंह भी मौजूद रहे। जबकि राष्ट्रीय युवा शक्ति के मेहुल प्रसाद, उमेश साहू, प्रदीप ठाकुर, शंभु ठाकुर ने उक्त व्यक्ति के शव का अंतिम संस्कार पूरा किया।