Jharkhand Weather: झारखंड में बदला मौसम का मिजाज! रांची समेत इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी; अलर्ट जारी
राजधानी रांची समेत झारखंड में अगले कई दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश, गरज ...और पढ़ें

अगले कई दिनों तक रांची और झारखंड में बारिश और गरज की संभावना।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची समेत झारखंड में अगले कई दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। आसमान में बादल छाए रहने के साथ राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और गरज के साथ वज्रपात होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 12 सितंबर को राज्य में कहीं-कहीं गरज, वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं मौसम विभाग की ओर से 12 सितंबर की जारी आंकड़ों के अनुसार, रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान 3.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है।
न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक रहा। रांची में सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 93 और न्यूनतम 77 प्रतिशत दर्ज की गई।
राज्य में कई जगह बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 12 सितंबर को सामान्य तौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। राज्य के लगभग सभी स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या मेघ गर्जन होने की संभावना है। इसके बाद आज राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। 13 और 14 सितंबर को भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है।
वहीं 15 सितंबर को राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश या मेघ गर्जन की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद 16 और 17 सितंबर को भी आसमान में बादल छाए रहने तथा राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
अगले तीन दिनों में बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। इस दौरान बादल और बारिश के कारण उमस का असर भी बना रह सकता है।
वहीं 13 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खुले स्थानों पर रहने से बचने और मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।