विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड कोई राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं, विनोद पांडेय बोले- छात्रों के प्रदर्शन को भाजपा ने बनाया अपना अखाड़ा

Updated: Mon, 17 Aug 2026 12:38 AM (IST)

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा पर छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक अखाड़ा बनाने का आरोप लगाया है।

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर(AI Generated Image)

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर(AI Generated Image)

HighLights

  1. भाजपा पर छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रंग देने का आरोप।

  2. झारखंड कोई राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं, अधिकारों की रक्षा होगी।

राज्‍य ब्‍यूरो, रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया है कि पार्टी छात्रों के आंदोलन की आड़ में अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने की कोशिश कर रही है।

छात्रों के प्रदर्शन को दिया राजनीतिक रंग

विनोद पांडेय ने कहा कि आंदोलन के पहले दिन से ही यह साफ था कि छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन को राजनीतिक मोड़ देने की साजिश रची जा रही है। 
 
उन्होंने आरोप लगाया कि घेराव वाले दिन भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया और बिहार-बंगाल से बसों व अन्य वाहनों के जरिए लोगों को लाकर आंदोलन में शामिल कराने का प्रयास किया। 
 
इससे भाजपा की मंशा पूरी तरह उजागर हो गई है। आंदोलन पूरी तरह छात्रों का था, लेकिन भाजपा ने इसे अपना राजनीतिक अखाड़ा बना दिया।
 

घटिया राजनीति बंद करें बाबूलाल: JMM

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधते हुए JMM महासचिव ने कहा कि वे घटिया राजनीति करना बंद करें। अब राज्य के छात्र भी समझ चुके हैं कि कौन वास्तव में उनके साथ खड़ा है और कौन अपने निजी स्वार्थ के लिए उनका इस्तेमाल कर रहा है।

खनिज संपदा और संसाधनों पर कब्जा करने की नीयत

पांडेय ने आगे कहा कि भाजपा की राजनीति का एकमात्र मकसद झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर कब्जा जमाना है।
 
उन्होंने कहा कि आगामी पांच वर्षों में राज्य की एक लाख करोड़ रुपये की खनिज संपदा पर गिद्ध दृष्टि रखने वाली भाजपा को झारखंड की जनता को हिसाब देना होगा। 
 
उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंडी, आदिवासी और मूलवासियों के अधिकारों व संसाधनों की लूट किसी भी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी।


JMM महासचिव ने चेतावनी देते हुए कहा कि झारखंड कोई राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं है। यहां के छात्र, युवा और जनता अपने अधिकारों की रक्षा करना अच्छी तरह जानते हैं।

भाजपा चाहे पर्दे के पीछे से कितना भी खेल खेल ले, उसका असली चेहरा बेनकाब हो चुका है।