यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 15, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इधर जेल जाएंगे हेमंत उधर कार्यकर्ता काटेंगे बवाल, आज से मोदी सरकार के खिलाफ झारखंड में छिड़ेगी मुहिम
आज हेमंत सोरेन की 13 दिनों की रिमांड पूरी हो जाएगी। उनसे ईडी की पूछताछ लगभग पूरी हो गई है। संभावना है कि आज ही उन्हें न्यायिक हिरासत में होटवार स्थित ...और पढ़ें

HighLights
- हेमंत सोरेन को जेल तक छोड़ने जाएंगे पार्टी के कार्यकर्ता।
- 20 फरवरी तक हर जिले में न्याय यात्रा आरंभ होगा, जो पंचायतों तक जाएगा।
- न्याय यात्रा में हेमंत सोरेन के विरुद्ध की गई साजिश के बारे में लोगों को बताया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, रांची। सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के विरुद्ध आंदोलन का शंखनाद कर दिया है। इसकी शुरुआत गुरुवार से होगी। राजधानी में झामुमो के कार्यकर्ता और समर्थक मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका के समक्ष उपवास करेंगे। यह कार्यक्रम प्रतिदिन अलग-अलग जिलों में चलेगा। धूमकुड़िया में हेमंत सोरेन के समर्थन में प्रार्थना सभा का आयोजन भी होगा।
हेमंत सोरेन को जेल तक छोड़ने जाएंगे कार्यकर्ता
हेमंत सोरेन को जेल तक छोड़ने पार्टी के कार्यकर्ता जाएंगे। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को उनकी रिमांड अवधि पूरी हो रही है। झामुमो गुरुवार से ही न्याय यात्रा की शुरुआत रांची से करेगा।
20 फरवरी तक हर जिले में न्याय यात्रा आरंभ होगा, जो पंचायतों तक जाएगा। झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने कहा है कि भाजपा ने षड्यंत्र रच कर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया। इसी के तहत हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी कराई गई।
हेमंत की लोकप्रियता को देख घबराई भाजपा: झामुमो
राजनीतिक लड़ाई में भाजपा टिक नहीं पाई तो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया। हेमंत सोरेन की बढ़ती लोकप्रियता को देखकर भाजपा के बड़े-बड़े नेता घबरा गए थे। उन्होंने उनके राजनीतिक भविष्य को बिगाड़ने के लिए षडयंत्र रच उन्हें जेल में डाल दिया। मीडिया ट्रायल भी हो रहा है ताकि हेमंत की छवि बिगाड़ी जा सके।
खबरें और भी
भाजपा के षड्यंत्र को राज्य के लोग समझ चुके हैं। हेमंत सोरेन गरीबों के बारे में सोचते हैं। उन्होंने आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों समेत जरूरतमंदों के लिए योजनाएं शुरू की। न्याय यात्रा के दौरान हेमंत सोरेन के विरुद्ध की गई साजिश के बारे में लोगों को बताया जाएगा।