विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या कोर्ट के निर्णय के बाद Ranchi Protest फिर शुरू होगा? छात्र नेताओं ने रखा पक्ष, संयम बरतने की अपील

Updated: Fri, 21 Aug 2026 10:17 AM (GMT+05:30)

झारखंड हाईकोर्ट द्वारा जेपीएससी नियुक्तियों पर रोक के बावजूद छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी मूल मांगों पर कायम रहने की बात कही है। वहीं, रामअवतार महतो ने छात्रों से संयम बरतने और न्यायिक प्रक्रिया का इंतजार करने की अपील की है।

देवेंद्र महतो ने कहा- भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और अनियमितता पर कोई समझौता नहीं। (तस्वीर: जागरण)

देवेंद्र महतो ने कहा- भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और अनियमितता पर कोई समझौता नहीं। (तस्वीर: जागरण)

HighLights

  1. जेपीएससी नियुक्तियों पर हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश का सम्मान।

  2. भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।

  3. छात्रों से संयम और शांति बनाए रखने की अपील की गई।

जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड हाईकोर्ट द्वारा 11वीं से 13वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा एवं फूड सेफ्टी अफसर की नियुक्ति रद करने के सरकार के आदेश पर अगले आदेश तक रोक लगाए जाने के निर्णय का हम सम्मान करते हैं।

न्यायालय की प्रक्रिया अपने स्तर पर चल रही है, लेकिन इस अंतरिम आदेश से जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही की हमारी मूल मांग समाप्त नहीं होती है।

हमने आंदोलन किसी अभ्यर्थी के खिलाफ नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार, अनियमितता, अपारदर्शिता और व्यवस्था की खामियों के खिलाफ शुरू किया था। इसलिए हम अपनी मूल मांगों पर आज भी पूरी तरह कायम है। उक्त बातें छात्रनेता देवेंद्र नाथ महतो ने एक प्रेसवार्ता के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि हमारी स्पष्ट मांग है कि जिन परीक्षाओं में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं, उनकी निष्पक्ष, स्वतंत्र और विश्वसनीय जांच होनी चाहिए। जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति नहीं बल्कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

बहकावे में आकर ऐसा कोई गलत फैसला नहीं लेना चाहिए: रामअवतार

जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच के संस्थापक रामअवतार महतो ने राज्य के सभी छात्र-छात्राओं एवं अभ्यर्थियों से संयम, धैर्य और शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थिति में किसी भी छात्र को किसी के बहकावे में आकर ऐसा कोई गलत फैसला नहीं लेना चाहिए, जिससे उसके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े।

रामअवतार महतो ने कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी से जुड़े मामले में न्यायिक प्रक्रिया चल रही है। अदालत ने सरकार से जवाब मांगा है और अब सरकार को न्यायालय के समक्ष अपना पक्ष रखना है। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को न्यायालय के फैसले का इंतजार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि छात्रों की लड़ाई अपने अधिकार और भविष्य के लिए है, इसलिए इसे संयम, लोकतांत्रिक तरीके और कानून के दायरे में रहकर आगे बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति, संगठन या तथाकथित कोचिंग माफिया के बहकावे में आकर कोई गलत कदम न उठाएं।

अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए हर निर्णय सोच-समझकर लें। राम अवतार महतो ने कहा कि सरकार भी पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है और छात्रों की भावनाओं तथा उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिए जा रहे हैं।

हाल के घटनाक्रम में सरकार द्वारा कई परीक्षाओं को रद करने तथा अन्य परीक्षाओं की जांच की दिशा में कदम उठाए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि आंदोलन और छात्र हित के मुद्दे पर अलग-अलग विचार हो सकते हैं।

लेकिन छात्रों के बीच आपसी एकता, शांति और अनुशासन बना रहना सबसे आवश्यक है। किसी भी अफवाह या इंटरनेट मीडिया पर चल रही अपुष्ट जानकारी के आधार पर निर्णय लेना उचित नहीं है।