JPSC के पूर्व सदस्य डॉ. जमाल अहमद ने अभय तिवारी के बयानों को बताया निराधार, CID करेगी दोबारा पूछताछ
सीआईडी ने जेपीएससी मेधा घोटाला मामले में पूर्व सदस्य डॉ. जमाल अहमद से पूछताछ की, जहां उन्होंने गिरफ्तार अभय तिवारी के आरोपों को खारिज किया। सीआईडी ने ...और पढ़ें

जेपीएससी में चल रही अनियमितता के बिंदु पर भी सीआईडी ने ली है जानकारी।
HighLights
सीआईडी ने जेपीएससी के पूर्व सदस्य डॉ. जमाल अहमद से पूछताछ की।
डॉ. जमाल ने अभय तिवारी के आरोपों को तथ्य से परे बताया।
ब्लैकलिस्टेड कंपनी को काम देने पर सीआईडी ने सवाल उठाए।
राज्य ब्यूरो, रांची। जेपीएससी मेधा घोटाला मामले की जांच कर रही सीआईडी ने बुधवार को जेपीएससी के पूर्व सदस्य डाॅ. जमाल अहमद का बयान लिया। सीआईडी ने पूर्व में गिरफ्तार परीक्षा संचालित कराने वाली एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी के बयान में आए तथ्यों के आधार पर भी डा. जमाल अहमद से पूछताछ की है।
डाॅ. जमाल ने अभय तिवारी के बयान को तथ्य से परे बताया है। इतना ही नहीं, जेपीएससी में चल रही अनियमितता के बिंदुओं को भी समझा और उसपर सवाल दागा। सीआईडी ने यह भी जानना चाहा कि जब टीडीपीएल ब्लैकलिस्ट थी तो उसे जेपीएससी में परीक्षा संचालन का काम कैसे व किसकी अनुशंसा पर दिया गया।
पेपर लीक, ओएमआर शीट में हेराफेरी, डेटा में हेरफेर आदि हो रहा था तो उसे रोकने व उसकी निगरानी के लिए क्या कदम उठाया गया। कई बिंदुओं पर डाॅ. जमाल अपने उत्तर से सीआईडी को संतुष्ट नहीं कर सके। सीआइडी उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुला सकती है।
अभय तिवारी ने सीआईडी को पूछताछ में बताया था कि जेपीएससी सदस्य डाॅ. जमाल अहमद के लिए हजारीबाग के बिचौलिए अभ्यर्थियों से पैसे वसूलते थे। इसकी जानकारी टीडीपीएल के निदेशक रामवीर सिंह को रहती थी।
जेपीएससी के सभी पदाधिकारी रामवीर सिंह को ही साक्षात्कार में अभ्यर्थियों के कोड को डी-कोड करने के लिए कहते थे। अधिकतर अभ्यर्थी जेपीएससी के सदस्यों के माध्यम से ही दर तय करते थे और फिर साक्षात्कार में पूरा खेल होता था।
खबरें और भी
अभय तिवारी के इस बयान को डाॅ. जमाल अहमद ने खारिज किया है। सीआईडी अभय तिवारी के बयान का सत्यापन कर रही है और उससे संबंधित साक्ष्य को जुटा रही है, ताकि उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर संदिग्धों से आगे की पूछताछ की जा सके। बता दें सीआईडी जेपीएससी के तीनों सदस्यों से एक-एक कर पूछताछ कर रही है।