JSSC सहायक आचार्य भर्ती: 22 नए चयनित, 12 अभ्यर्थियों के जिले बदले, ANM बायोमेट्रिक 2 जून को
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा के तहत भाषा के 22 अतिरिक्त अभ्यर्थियों का चयन किया है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर 12 अभ्यर ...और पढ़ें

भाषा सहायक आचार्य पद के लिए 22 अन्य अभ्यर्थी चयनित, 12 का बदल गया जिला। (विजुअल: एआई जेनरेटेड)
HighLights
22 अतिरिक्त भाषा सहायक आचार्य अभ्यर्थियों का चयन।
सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर 12 जिलों में बदलाव।
ANM परीक्षा का बायोमेट्रिक सत्यापन 2 जून को।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा के तहत भाषा के स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य पद के लिए 22 अन्य अभ्यर्थियों का चयन किया है। आयोग ने शुक्रवार को इनका अतिरिक्त परिणाम जारी किया।
साथ ही सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में संशोधित परिणाम जारी किए जाने के कारण 12 अभ्यर्थियों का जिला बदल गया है। इनमें से कुछ की कोटि भी बदली है। आयोग ने इनकी भी सूची प्रकाशित कर दी है। आयोग ने कहा है कि कोर्ट में चल रहे विभिन्न वादों में अंतिम आदेश के बाद परिणाम में संशोधन संभव है।
साथ ही प्रमाणपत्रों की अनुपलब्धता के कारण कुछ अभ्यर्थियों के परिणाम लंबित भी रखे गए हैं। इधर, भाषा शिक्षक के 15 सितंबर 2025 को प्रकाशित परिणाम में टंकण त्रुटिवश पंजीयन संख्या 113348001 को सम्मिलित कर लिया गया था। अब इस पंजीयन संख्या को परिणाम से हटा दिया गया है।
दो जून को होगा बायोमेट्रिक सत्यापन
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने एक सूचना के माध्यम से बताया है कि झारखंड एएनएम प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के अंतर्गत 21 मई को प्रथम पाली में निर्धारित प्रमाण पत्रों की जांच के क्रम में तकनीकी कारणों से कतिपय अभ्यर्थियों का बयोमेट्रिक सत्यापन नहीं हो पाया था।
वैसे अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन दो जून को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न पांच बजे तक नामकोम स्थित आयोग कार्यालय में होगा।
यह भी पढ़ें- झारखंड के प्राथमिक शिक्षकों की बड़ी जीत: मिलेगा ₹16,290 न्यूनतम वेतन, MACP पर 4 महीने में निर्णय का आदेश