विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 25, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

JMM Candidate List: गांडेय से चुनाव लड़ेंगी कल्पना सोरेन, जमशेदपुर लोकसभा सीट से यह कद्दावर नेता होगा JMM का प्रत्याशी

Published: Thu, 25 Apr 2024 08:08 PM (IST)

JMM Candidate List सत्तारूढ़ जेएमएम ने पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को गांडेय विधानसभा उपचुनाव के लिए ...और पढ़ें

गांडेय से चुनाव लड़ेंगी कल्पना सोरेन। (फाइल फोटो)
गांडेय से चुनाव लड़ेंगी कल्पना सोरेन। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. 29 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगी पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन
  2. समीर मोहंती है बहरागोड़ा के झामुमो विधायक, देंगे भाजपा के विद्युतवरण महतो को टक्कर

राज्य ब्यूरो, रांची। सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को गांडेय विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी घोषित किया है। वह 29 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगी। उनका मुकाबला भाजपा के दिलीप वर्मा से होगा। उधर, जमशेदपुर संसदीय सीट से पार्टी ने बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती को उम्मीदवार बनाया है।

झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के निर्देश पर महासचिव विनोद पांडेय ने गुरुवार को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की। इस निर्णय के साथ ही जमशेदपुर गठबंधन प्रत्याशी को लेकर चल रहे अटकलों का दौर भी समाप्त हो गया है।

समीर मोहंती का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार विद्युत वरण महतो से होगा। यह भी उल्लेखनीय है कि विद्युत वरण महतो बहरागोड़ा के विधायक रहे हैं। गांडेय में 20 मई और जमशेदपुर में 25 मई को मतदान होगा।

कल्पना सोरेन की राजनीतिक गतिविधियां तेज

पति हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद कल्पना सोरेन तेजी से राजनीतिक फलक पर उभरी हैं। उन्होंने आइएनडीआइए की मुंबई, दिल्ली और रांची में हुई रैलियों में अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई है। गिरिडीह में पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरूआत की थी।

गांडेय सीट डॉ. सरफराज अहमद के इस्तीफे के बाद उपचुनाव की नौबत आई है। एमटेक और एमबीए की उच्च शैक्षणिक योग्यता कल्पना सोरेन के पास है। उनकी स्कूली शिक्षा ओडिशा के बारीपदा से हुई है।

इसके बाद भुवनेश्वर के अलग-अलग संस्थानों से उन्होंने इंजीनियरिंग और एमबीए की डिग्री हासिल की। वह हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी को लेकर मुखर हैं और इसके विरुद्ध लगातार राजनीतिक मंचों से आवाज उठा रहीं हैं।

उल्लेखनीय है कि हेमंत सोरेन को ईडी ने इसी वर्ष 31 जनवरी को मनी लांड्रिंग के आरोपों में गिरफ्तार किया था।

पांच में से चार प्रत्याशी विधायक

झामुमो ने लोकसभा चुनाव में विधायकों पर दांव लगाया है। पांच संसंदीय सीटों में से चार पर पार्टी ने विधायकों को चुनाव मैदान में उतारा है।

दुमका से शिकारीपाड़ा के विधायक नलिन सोरेन, गिरिडीह से टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो, सिंहभूम से मनोहरपुर की विधायक जोबा मांझी और जमशेदपुर से बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती चुनाव मैदान में हैं। राजमहल सीट पर झामुमो ने निवर्तमान सांसद विजय हांसदा को फिर से चुनाव मैदान में उतारा है।

सभी 14 सीटों पर गठबंधन के प्रत्याशी घोषित

रांची : यशस्विनी सहाय (कांग्रेस)

गोड्डा : प्रदीप यादव (कांग्रेस)

खूंटी : कालीचरण मुंडा (कांग्रेस)

लोहरदगा : सुखदेव भगत (कांग्रेस)

धनबाद : अनुपमा सिंह (कांग्रेस)

हजारीबाग : जेपी पटेल (कांग्रेस)

चतरा : केएन त्रिपाठी (कांग्रेस)

राजमहल : विजय हांसदा (झामुमो)

गिरिडीह : मथुरा प्रसाद महतो (झामुमो)

दुमका : नलिन सोरेन (झामुमो)

सिंहभूम : जोबा मांझी (झामुमो)

जमशेदपुर : समीर मोहंती (झामुमो)

कोडरमा : विनोद सिंह (भाकपा माले)

पलामू : ममता भुंइया (राजद)

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के कांकेर की तरह झारखंड के सारंडा में भी नक्सलियों को निपटाने की तैयारी, सुरक्षा बलों ने तेज की घेराबंदी

अमित शाह पर टिप्पणी करने के मामले में राहुल गांधी को मिली बड़ी राहत, झारखंड HC ने निचली अदालत की कार्यवाही पर लगाई रोक