भाई-बहन की जोड़ी ने NEET में मचाया धमाल, एक साथ हासिल की शानदार रैंक; खलारी का बढ़ाया मान
झारखंड के खलारी के आर्यन और ईशा सिन्हा ने NEET-UG परीक्षा में एक साथ सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों भाई-बहन ने अपनी प्रारंभिक शिक्ष ...और पढ़ें

नीट में सफलता प्राप्त करने वाले आर्यन सिन्हा एवं ईशा सिन्हा अपने परिवार के साथ।
HighLights
आर्यन सिन्हा और ईशा सिन्हा ने NEET में सफलता पाई।
आर्यन ने 521 और ईशा ने 491 अंक हासिल किए।
दोनों बच्चों ने खलारी और परिवार का मान बढ़ाया।
संवाद सूत्र, खलारी (रांची)। झारखंड के खलारी के लिए गर्व का पल तब आया जब सगे भाई-बहन आर्यन सिन्हा और ईशा सिन्हा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) में एक साथ सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। दोनों की इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
केडी रोड, खलारी निवासी आर्यन सिन्हा ने 521 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 21,956 हासिल की, जबकि उनकी बहन ईशा सिन्हा ने 491 अंक के साथ ऑल इंडिया रैंक 28,227 प्राप्त की। खास बात यह रही कि आर्यन ने NEET के साथ-साथ JEE Main में भी 95 पर्सेंटाइल हासिल कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया।
दोनों भाई-बहन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, खलारी से प्राप्त की और दसवीं तक की पढ़ाई यहीं से पूरी की। इसके बाद उन्होंने राजस्थान के कोटा में रहकर 12वीं की पढ़ाई के साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी की।
आर्यन ने अपने पहले ही प्रयास में NEET में सफलता हासिल की, जबकि ईशा ने दूसरे प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की। ईशा ने बताया कि वह एमबीबीएस काउंसिलिंग में भाग लेंगी। यदि एमबीबीएस में प्रवेश नहीं मिलता है तो वह बीडीएस की पढ़ाई करेंगी। वहीं आर्यन ने कहा कि वह मेडिकल और इंजीनियरिंग में से किस क्षेत्र को अंतिम रूप से चुनेंगे, इस पर अभी विचार कर रहे हैं।
दोनों के पिता अजय सिन्हा सीसीएल में कार्यरत हैं, जबकि माता रूबी सिन्हा गृहिणी हैं। बच्चों की इस सफलता से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है और शुभचिंतकों का लगातार बधाई देने का सिलसिला जारी है।
डीएवी पब्लिक स्कूल, खलारी के प्राचार्य डॉ. कमलेश कुमार ने दोनों विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को बदलते शैक्षणिक परिवेश और प्रतियोगी परीक्षाओं की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इसी का परिणाम है कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं न केवल सीबीएसई बोर्ड बल्कि NEET और JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षाओं में भी लगातार सफलता प्राप्त कर रहे हैं।