रांची में प्रेमी की करतूत: दूसरे के साथ देखा तो दशम फॉल बुलाकर प्रेमिका की कर दी हत्या, गड्ढा खोदकर शव को दफनाया
रांची पुलिस ने दशम फॉल में मिली अज्ञात युवती के शव मामले का खुलासा कर हत्यारे चेतन मुंडा को गिरफ्तार किया है। प्रेम प्रसंग में ईर्ष्या के चलते आरोपित ...और पढ़ें

प्रेमिका की हत्या करने वाला गिरफ्तार ( प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
रांची पुलिस ने दशम फॉल हत्या मामले का खुलासा किया।
प्रेमी चेतन मुंडा ने ईर्ष्या में प्रेमिका की हत्या की।
गला घोंटकर शव को घटनास्थल पर ही दफना दिया था।
जागरण संवाददाता,रांची। रांची पुलिस ने दशम फॉल थाना क्षेत्र में मिली एक अज्ञात युवती के शव के मामले का खुलासा करते हुए हत्या के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में दशम फॉल थाना में 23 जून को मामला दर्ज किया गया था।
एसएसपी राकेश रंजन ने इस कांड का खुलासा करने के लिए एसडीपीओ बुंडू के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। टीम में पुलिस पदाधिकारियों, तकनीकी शाखा के कर्मियों और सशस्त्र बल को शामिल किया गया।
युवती की हत्या 17 जून की रात को
ग्रामीण एसपी ने बताया कि युवती की हत्या 17 जून की रात को हुई थी। अनुसंधान के दौरान अज्ञात शव की पहचान हिस्सी कुमारी (18 वर्ष), थाना अड़की, जिला खूंटी के रूप में हुई।
जांच के क्रम में जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर घटना में संलिप्त चेतन मुंडा (18 वर्ष), थाना अड़की, जिला खूंटी की पहचान की गई। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि हत्या का मुख्य कारण प्रेम प्रसंग से उत्पन्न आपसी ईर्ष्या थी।
रात 9 बजे युवती को मिलने बुलाया
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित ने मृतका को गांव के एक अन्य युवक के साथ देख लिया था, जिससे वह नाराज और ईर्ष्यालु हो गया। इसके बाद 17 जून की रात करीब नौ बजे आरोपित ने युवती को मिलने के लिए बुलाया।
खबरें और भी
मुलाकात के दौरान उसने गांव के युवक के संबंध में पूछताछ की। इस पर मृतका गुस्सा हो गई और उसने आरोपित से कहा कि वह अब उसके साथ नहीं रहेगी। इसी बात से आक्रोशित होकर आरोपित ने दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद घटनास्थल पर ही दफना दिया शव
हत्या के बाद आरोपित ने घटनास्थल पर ही जमीन खोदकर शव को दफना दिया ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके। हालांकि कुछ दिनों बाद शव का एक हिस्सा जमीन से बाहर निकल आने के कारण मामला उजागर हो गया। हत्या के बाद आरोपित मृतका का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया था।
पुलिस ने जब मृतका के मोबाइल की लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का तकनीकी विश्लेषण किया तो जांच आरोपित तक पहुंच गई। आरोपित की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मृतका हिस्सी कुमारी का जियो कंपनी के सिम वाला मोबाइल फोन तथा आरोपित चेतन मुंडा का मोबाइल भी जब्त किया है।