विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधु कोड़ा मामले में ईडी को राहत, 60 करोड़ के फ्लैट पर जब्ती बरकरार; नीलामी से बैंक केवल कर्ज वसूलेगा

Published: Tue, 10 Nov 2026 09:35 PM (IST)

सफेमा ट्रिब्यूनल ने मधु कोड़ा से जुड़े 60 करोड़ रुपये के जब्त फ्लैटों पर यूनियन बैंक की जब्ती हटाने की ...और पढ़ें

30 करोड़ के कर्ज वसूलने के लिए ईडी की जब्ती हटाने की यूनियन बैंक की मांग खारिज।

30 करोड़ के कर्ज वसूलने के लिए ईडी की जब्ती हटाने की यूनियन बैंक की मांग खारिज।

HighLights

  1. यूनियन बैंक की 30 करोड़ कर्ज वसूली की मांग खारिज।

  2. मधु कोड़ा से जुड़े 60 करोड़ के फ्लैट पर जब्ती बरकरार।

  3. बैंक नीलामी से बकाया वसूलकर शेष ईडी को सौंपेगा।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा से जुड़े मनी लांड्रिंग और विदेशी मुद्रा हेराफेरी मामले में स्मगलर्स एंड फारेन एक्सचेंज मेनिपुलेटर्स एक्ट (सफेमा) ट्रिब्यूनल ने मुंबई में गिरवी रखी गई 60 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति काे मुक्त करने से इंकार कर दिया है।

यूनियन बैंक आफ इंडिया ने 30 करोड़ रुपये का कर्ज वसूलने के लिए ईडी की जब्ती हटाने की मांग की थी। ट्रिब्यूनल ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि बैंक को संपत्ति सीधे बेचने की अनुमति नहीं होगी।

उसे प्रिवेंशन आफ मनी लांड्रिंग एक्ट की विशेष अदालत में नीलामी का दावा पेश करना होगा। नीलामी से मिली रकम में से बैंक केवल अपना वास्तविक बकाया वसूल सकेगा और शेष राशि का बैंक ड्राफ्ट बनाकर ईडी को सौंपेगा।

जांच के अनुसार, कोड़ा सिंडिकेट से जुड़ी मेसर्स बालाजी लाइफस्टाइल रियल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स बालाजी यूनिवर्सल ट्रेडलिंक्स प्राइवेट लिमिटेड ने बैंक से तहत कर्ज लिया था। शुरुआत में 20 करोड़ रुपये का कर्ज और पांच करोड़ रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट मिली, जिसे बाद में बढ़ाकर 30 करोड़ रुपये किया गया।

इसके एवज में मुंबई के माटुंगा (ईस्ट), एडेनवाला रोड स्थित बेबीलोन बिल्डिंग के फ्लैट गिरवी रखे गए। उनका सरकारी मूल्य 9.57 करोड़ रुपये था, जबकि बाजार मूल्य 60 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया।

इस वित्तीय नेटवर्क का खुलासा 2009 में आयकर विभाग की छापेमारी में मिले दस्तावेज से हुआ। इसके बाद सीबीआइ और ईडी ने जांच शुरू की। ईडी की पटना शाखा ने पहले इंफोर्समेंट केस इंफार्मेशन रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज की, बाद में विदेशी लेन-देन और हवाला रूट से जुड़े मामले की जांच लखनऊ ईडी को सौंपी गई। उसने माटुंगा की संपत्ति कुर्क की थी।

ईडी की एडजुडिकेटिंग अथारिटी ने कुर्की को सही ठहराया था, जिसे अब ट्रिब्यूनल ने भी उसे बरकरार रखा है। ट्रिब्यूनल ने यह भी कहा कि बैंकों में गिरवी संपत्ति की जब्ती को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए और जांच एजेंसी को सीधे अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान करनी चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।