नेपाल बाढ़ में लापता रांची के राम प्रसाद घोष की तलाश करेगी नेपाली सेना, ईमेल का मिला जवाब
रांची के राम प्रसाद घोष नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद से लापता हैं, जहां वे एक जलविद्युत परियोजना ...और पढ़ें

रांची के राम प्रसाद घोष नेपाल बाढ़ में लापता।
HighLights
रांची के राम प्रसाद घोष नेपाल बाढ़ में लापता।
नेपाली सेना ने खोजने का दिया है आश्वासन।
जागरण संवाददाता, रांची। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद से लापता रांची के राम प्रसाद घोष की तलाश के लिए नेपाली सेना ने मदद का आश्वासन दिया है। राम प्रसाद घोष रांची के कोकर स्थित हैदर अली रोड के निवासी हैं और नेपाल में एक जलविद्युत परियोजना में प्रशासनिक पद पर कार्यरत हैं।
बाढ़ के बाद से उनका मोबाइल फोन संपर्क से बाहर है। इससे रांची में रह रहे उनके परिजन और परिचित लगातार चिंतित हैं।राम प्रसाद की तलाश को लेकर अपर बाजार के व्यवसायी ज्योति कुमार ने बताया कि परिवार की ओर से 27 अगस्त को नेपाली सेना के विदेशी संपर्क प्रभाग को ईमेल भेजकर राम प्रसाद को खोजने का आग्रह किया गया था।
ईमेल में राम प्रसाद के नाम, रांची के पते, भारतीय नागरिक होने, रक्त समूह और पहचान पत्र से संबंधित जानकारी दी गई थी। साथ ही नेपाली अधिकारियों से यह पता लगाने का अनुरोध किया गया था कि राम प्रसाद सुरक्षित हैं, घायल हैं, किसी अस्पताल में भर्ती हैं या बाढ़ के कारण लापता हुए लोगों की सूची में शामिल हैं।
ज्योति कुमार के अनुसार, दोपहर करीब 1:59 बजे भेजे गए ईमेल का जवाब उसी दिन शाम करीब 5:36 बजे काठमांडू स्थित नेपाली सेना मुख्यालय के विदेशी संपर्क प्रभाग की ओर से दिया गया। जवाब में नेपाली सेना ने राम प्रसाद को खोजने की पूरी कोशिश करने का आश्वासन दिया है।
नेपाली सेना की ओर से भेजे गए जवाब में कहा गया है, 'हम उन्हें खोजने के लिए अपनी पूरी कोशिश करेंगे।' नेपाली सेना के इस आश्वासन के बाद परिवार को राम प्रसाद के जल्द सुरक्षित मिलने की उम्मीद जगी है।
परिवार के लोगों का कहना है कि नेपाल में बाढ़ के बाद से राम प्रसाद से संपर्क नहीं हो पा रहा है। उनका मोबाइल फोन लगातार संपर्क से बाहर बता रहा है। ऐसे में परिजन नेपाल से आने वाली किसी भी सूचना का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। नेपाली सेना के आश्वासन के बाद अब उनकी तलाश में तेजी आने की उम्मीद है।
