रांची में बालू माफियाओं पर बड़ा एक्शन, पिपरवार-टंडवा पुलिस ने 100 ट्रैक्टर अवैध बालू किया जब्त
पिपरवार और टंडवा पुलिस ने गरही नदी से अवैध रूप से खनन कर चौड़ा गांव में भंडारित लगभग 100 ट्रैक्टर बालू जब्त किया। इस संयुक्त कार्रवाई से बालू माफियाओं ...और पढ़ें

पिपरवार-टंडवा पुलिस ने 100 ट्रैक्टर अवैध बालू जब्त किया। जागरण
HighLights
पिपरवार-टंडवा पुलिस ने 100 ट्रैक्टर अवैध बालू जब्त किया।
गरही नदी से अवैध खनन कर चौड़ा गांव में भंडारण किया गया था।
जागरण संवाददाता, पिपरवार (रांची)। पिपरवार थाना क्षेत्र की गरही नदी से अवैध रूप से बालू खनन कर बड़े पैमाने पर भंडारण किए जाने के मामले में प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 100 ट्रैक्टर (करीब 10 हजार सीएफटी) बालू जब्त किया।
टंडवा थाना क्षेत्र के ग्राम चौड़ा में की गई इस संयुक्त छापेमारी के बाद क्षेत्र में सक्रिय बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन का मानना है कि यह कार्रवाई अवैध खनन के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार साबित होगी।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर टंडवा अंचलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस निरीक्षक सह टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा एवं पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने ग्राम चौड़ा में मंगलवार को शाम 6 बजे छापेमारी की। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित बालू बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह बालू पिपरवार थाना क्षेत्र स्थित गरही नदी से अवैध खनन कर यहां जमा किया गया था। प्रशासन ने पूरे भंडारण को जब्त कर अग्रिम कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त लोगों की पहचान की जा चुकी हैं।
खबरें और भी
पूरे नेटवर्क की जांच कर दोषियों के विरुद्ध खनन अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस एवं प्रशासन ने यह भी संकेत दिया कि गरही नदी सहित पूरे क्षेत्र में अवैध बालू खनन पर निगरानी और तेज की जाएगी। भविष्य में भी संयुक्त अभियान जारी रहेगा ताकि खनन माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और सरकारी राजस्व की क्षति रोकी जा सके।