Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    प्रिंस खान ने रांची के जमीन कारोबारी से मांगी एक करोड़ की रंगदारी, धनबाद के बाद अब राजधानी में आतंक

    Updated: Thu, 12 Mar 2026 09:50 AM (IST)

    रांची में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान ने एक जमीन कारोबारी सतीश कुमार महतो से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज के जरिए जा ...और पढ़ें

    वेटर की हत्या के बाद प्रिंस खान ने रांची के जमीन कारोबारी समेत दो से मांगी एक करोड़ की रंगदारी।

    वेटर की हत्या के बाद प्रिंस खान ने रांची के जमीन कारोबारी समेत दो से मांगी एक करोड़ की रंगदारी।

    HighLights

    1. जमीन कारोबारी सतीश महतो को व्हाट्सएप पर धमकी।

    2. वेटर मनीष गोप हत्याकांड में भी प्रिंस खान का नाम।

    जागरण संवाददाता, रांची। रांची में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान का नाम एक बार फिर रंगदारी और धमकी के मामले में सामने आया है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में वेटर मनीष गोप की हत्याकांड के बाद अब प्रिंस खान ने एक जमीन कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। इस मामले में खरसीदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

    जानकारी के अनुसार नामकुम थाना क्षेत्र के कुटियातु निवासी 31 वर्षीय सतीश कुमार महतो, जो जमीन का कारोबार करते हैं, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि अपराधी प्रिंस खान ने उनके व्हाट्सएप नंबर पर लगातार ऑडियो मैसेज और काल कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है।

    रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई है। सतीश महतो के अनुसार 8 मार्च की रात करीब कई बार व्हाट्सएप ऑडियो काल और ऑडियो मैसेज आए।

    जब उन्होंने सुबह इन ऑडियो मैसेज को सुना तो उसमें कसल करने वाला खुद को प्रिंस खान बता रहा था और उन्हें तथा अनुप कुमार महतो को धमकी भरे लहजे में एक करोड़ रुपये देने को कह रहा था।

    आठ मार्च से लगातार मिल रही है धमकी

    सतीश ने पुलिस को बताया कि इसके बाद 9 मार्च को भी सुबह से शाम तक कई बार व्हाट्सएप ऑडियो काल और मैसेज आए, जिनमें लगातार रंगदारी की मांग दोहराई गई। वहीं 10 मार्च को सुबह करीब सवा सात बजे भी व्हाट्सएप आडियो काल के जरिए एक करोड़ रुपये की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

    पीड़ित सतीश महतो ने बताया कि इस लगातार मिल रही धमकी से वह और उनका पूरा परिवार काफी डरा और सहमा हुआ है। उन्होंने पुलिस को व्हाट्सएप पर आए ऑडियो मैसेज और कॉल के स्क्रीनशॉट तथा अन्य साक्ष्य पेनड्राइव के माध्यम से उपलब्ध कराए हैं।

    खबरें और भी

    रेस्टोरेंट संचालक से रंगदारी नहीं मिलने पर करा दी वेटर की हत्या

    इससे पहले भी प्रिंस खान का नाम एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड में सामने आ चुका है। पुलिस के अनुसार प्रिंस खान ने रेस्टोरेंट संचालक राजकुमार गोप से भी एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी।

    जब रंगदारी की रकम नहीं दी गई तो दो शूटरों को भेजकर रेस्टोरेंट में गोलीबारी कराई गई, जिसमें वहां काम करने वाले वेटर मनीष गोप की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में एयरपोर्ट थाना में पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है।

    मनीष गोप की हत्या के बाद भी प्रिंस खान ने राजकुमार गोप से दोबारा एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी और इस बार पैसे नहीं देने पर बम से उड़ाने की धमकी दी थी। प्रिंस खान के नाम पर शहर के कई कारोबारियों से रंगदारी मांगने की कोशिश की गई है।