विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 09, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बुजुर्ग दंपति को किडनैप कर बेटे से मांगी 10 लाख की फिरौती, फिल्मी स्टाइल में पुलिस ने दबोचा

Published: Tue, 09 Sep 2025 05:56 PM (IST)

रामगढ़ में एक वृद्ध दंपति को बंधक बनाकर 10 लाख की फिरौती मांगी गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दंपति ...और पढ़ें

रामगढ़ में घटना की जानकारी देते वृद्ध दंपति।
रामगढ़ में घटना की जानकारी देते वृद्ध दंपति।

जागरण संवाददाता, कुजू (रामगढ़)। झारखंड में एक वृद्ध दंपति को बंधक बनाकर फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस की बहादुरी और फुर्ती से न सिर्फ दंपति को सुरक्षित बचाया गया, बल्कि इस अपराध में शामिल कई अपराधियों को भी धर दबोचा गया। पुलिस अब इस गैंग के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

कैसे हुई वारदात?

यह घटना रामगढ़ के कुजू ओपी क्षेत्र में लोहा गेट स्थित शनि मंदिर के पास हुई। सोमवार रात करीब 8 बजे लगभग 8 नकाबपोश अपराधी नंदकिशोर सिंह (70 वर्ष) और उनकी पत्नी राजवंशी देवी (65 वर्ष) के घर में घुस आए। अपराधियों ने करीब दो घंटे तक जमकर लूटपाट की और दंपति को पलंग से रस्सी से बांध दिया। उन्होंने लगभग 17 हजार रुपये नकद, ढाई लाख रुपये के जेवरात, एक स्कूटी (JH24E-8641) और मोबाइल फोन लूट लिए।

लूट के बाद अपराधियों ने धारदार हथियारों के बल पर दंपति को अगवा कर लिया और उन्हें पास के सीसीएल कुजू कोलियरी ओबी डंप में बंधक बनाकर रखा। वहीं से, उन्होंने नंदकिशोर सिंह के मोबाइल से उनके बेटे और कोयला व्यवसायी मनोज सिंह को फोन किया और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। उन्होंने धमकी दी कि अगर रकम हजारीबाग के कनहरी हिल पर तुरंत नहीं पहुंचाई गई, तो वे दंपति को जान से मार देंगे।

पुलिस का सफल ऑपरेशन

मनोज सिंह ने तुरंत फिरौती देने की हामी भरी और साथ ही कुजू ओपी पुलिस को इसकी सूचना दी। कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने तुरंत रामगढ़ एसपी अजय कुमार को जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर, एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें कुजू ओपी प्रभारी, अख्तर अली, अभिनव कुमार, मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार और वेस्ट बोकारो ओपी प्रभारी दीपक कुमार शामिल थे।

पुलिस टीम मनोज सिंह के साथ, फिरौती की रकम वाला बैग लेकर कनहरी हिल पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली। जैसे ही अपराधियों ने बैग लिया, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सात संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया और लूटी गई स्कूटी भी बरामद कर ली।

वृद्ध दंपति सुरक्षित रिहा

अपने साथियों की गिरफ्तारी और पुलिस का दबाव बढ़ता देख, बाकी अपराधी घबरा गए। उन्होंने मंगलवार सुबह करीब 4 बजे, कुजू कोलियरी में बंधक बनाए गए दंपति को छोड़कर फरार हो गए।

कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सात संदिग्धों से पूछताछ चल रही है। साथ ही, बाकी अपराधियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले का जल्द ही खुलासा कर सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के पीछे कोयला व्यवसायी मनोज सिंह के पुराने लेनदेन को लेकर विवाद होने की भी चर्चा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।