Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Ranchi Airport: दिल्ली-कोलकाता सहित 4 फ्लाइट्स बंद, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस का बड़ा फैसला; बढ़ेगा किराया

    Updated: Tue, 30 Jun 2026 07:37 PM (IST)

    विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों और परिचालन खर्च के कारण रांची एयरपोर्ट से 1 जुलाई से चार प्रमुख हवाई सेवाएं बंद हो जाएंगी। इससे यात्रियों को टिकट उपलब्धता ...और पढ़ें

    रांची एयरपोर्ट पर कई हवाई सेवाएं बंद होने से यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, ईंधन की कीमतें बनी वजह।

    रांची एयरपोर्ट पर कई हवाई सेवाएं बंद होने से यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, ईंधन की कीमतें बनी वजह।

    HighLights

    1. रांची एयरपोर्ट से 1 जुलाई से चार उड़ानें बंद।

    2. विमान ईंधन की बढ़ती कीमतें मुख्य कारण बनीं।

    3. यात्रियों को टिकट और किराए में होगी दिक्कत।

    जागरण संवाददाता, रांची। विमान ईंधन (एटीएफ) की बढ़ती कीमतों और परिचालन खर्च में हो रही वृद्धि का असर अब रांची एयरपोर्ट की हवाई सेवाओं पर दिखने लगा है। यात्रियों के लिए अहम खबर है कि एक जुलाई से रांची एयरपोर्ट से चार प्रमुख सेक्टरों की उड़ानें बंद हो जाएंगी। एयरलाइंस कंपनियों ने लागत बढ़ने और रूट की व्यावसायिक समीक्षा के बाद यह फैसला लिया है।

    उड़ानें कम होने का सीधा असर यात्रियों की टिकट उपलब्धता और किराये पर भी पड़ सकता है। प्रमुख रूटों पर सीटों की संख्या घटने से मांग बढ़ने की संभावना है, जिससे पीक सीजन में किराये में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

    एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रांची-दिल्ली और रांची-हैदराबाद सेक्टर की उड़ानें बंद करने का निर्णय लिया है। वहीं इंडिगो ने भी रांची-कोलकाता और रांची-हैदराबाद रूट पर अपनी सेवाएं रोकने की घोषणा की है। इन चार उड़ानों के बंद होने से रांची एयरपोर्ट से रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों के विकल्प सीमित हो जाएंगे।

    रांची से दिल्ली, कोलकाता और हैदराबाद जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी अधिक है। इन रूटों पर बड़ी संख्या में कारोबारी, छात्र, नौकरीपेशा लोग और इलाज के लिए यात्रा करने वाले मरीज व उनके परिजन निर्भर रहते हैं।

    खासकर दिल्ली और हैदराबाद के लिए उड़ानें कम होने से यात्रियों को अब कनेक्टिंग फ्लाइट या दूसरे विकल्पों का सहारा लेना पड़ सकता है। एविएशन क्षेत्र से जुड़े जानकारों के अनुसार विमान संचालन में एटीएफ की भूमिका सबसे अहम होती है।

    खबरें और भी

    ईंधन की कीमत बढ़ने से एयरलाइंस का खर्च तेजी से बढ़ता है। ऐसे में कंपनियां उन रूटों की समीक्षा करती हैं, जहां यात्री संख्या और आमदनी के मुकाबले परिचालन खर्च ज्यादा होता है। हालांकि रांची एयरपोर्ट से अन्य शहरों के लिए संचालित उड़ानें जारी रहेंगी, लेकिन नियमित यात्रियों को अब अपनी यात्रा योजना पहले से बनानी होगी।

    यह भी पढ़ें- देश का पहला संगठित विद्रोह: फांसी के बाद भी जिंदा बच निकला था यह योद्धा, हूल के गुमनाम नायकों की कहानी