चक्रवात 'अर्णब' का असर! रांची में नहीं उतर सका इंडिगो का विमान; 20 मिनट हवा में चक्कर काट लौटा कोलकाता
चक्रवात अर्णब के प्रभाव से रांची में खराब मौसम के कारण कोलकाता से आया इंडिगो का विमान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट ...और पढ़ें

खराब मौसम से रांची में नहीं उतर सका इंडिगो विमान।
HighLights
चक्रवात अर्णब से रांची में विमान लैंडिंग प्रभावित हुई।
इंडिगो का विमान 20 मिनट बाद कोलकाता लौटा।
जागरण संवाददाता, रांची। चक्रवात अर्णब के प्रभाव से गुरुवार को राजधानी में हुई बारिश और तेज हवा ने विमान यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी। कोलकाता से रांची आने वाला इंडिगो का विमान संख्या 6ई 7463 खराब मौसम के कारण बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर नहीं उतर सका। विमान करीब 20 मिनट तक आसमान में चक्कर काटता रहा।
मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से उतरने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद विमान को वापस कोलकाता भेज दिया गया। इस कारण कोलकाता से रांची आने वाले यात्रियों के साथ रांची से कोलकाता जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इंडिगो का विमान गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचा। उस समय तेज हवा के साथ बारिश हो रही थी। खराब मौसम के कारण विमान को सुरक्षित उतारना संभव नहीं हो सका। पायलट ने कुछ देर तक मौसम में सुधार होने का इंतजार किया, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल नहीं हुईं। इसके बाद विमान को कोलकाता की ओर मोड़ दिया गया।
मौसम सुधरने का इंतजार करते रहे यात्री
विमान के वापस कोलकाता लौटने से यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। रांची से कोलकाता जाने वाले यात्री भी विमान के आने का इंतजार करते रहे। इंडिगो के अधिकारियों के अनुसार, मौसम बेहतर होने पर विमान को दोबारा कोलकाता से रांची भेजने की बात कही गई, मगर विमान रांची नहीं आया। इससे यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ा।
बेहतर एप्रोच लाइट से अन्य विमानों की लैंडिंग
चक्रवात के कारण बारिश और तेज हवा से एयरपोर्ट पर दृश्यता प्रभावित हुई। इसका असर कुछ विमानों के आगमन और प्रस्थान पर पड़ा। हालांकि, एयरपोर्ट पर उपलब्ध बेहतर एप्रोच लाइट व्यवस्था से कम दृश्यता की स्थिति में भी निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप अन्य विमानों की लैंडिंग संभव हो सकी।
एयरपोर्ट के जिम्मेदार अधिकारियों के अनुसार, कोलकाता-रांची-कोलकाता विमान संख्या 6ई 7463/7464 को छोड़कर किसी अन्य विमान के रद होने की सूचना नहीं है। कुछ विमान निर्धारित समय से विलंब से पहुंचे और रवाना हुए। एयर ट्रैफिक कंट्रोल और विमानन कंपनियां मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रहीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।