रांची में चला प्रशासन का बुलडोजर, मोरहाबादी से हरमू रोड तक 60 से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त
रांची नगर निगम ने मोरहाबादी से हरमू रोड तक 60 से अधिक अस्थायी दुकानों और अवैध निर्माणों को हटाया। ...और पढ़ें

मोरहाबादी में हटाया गया अतिक्रमण। (जागरण)
HighLights
मोरहाबादी से हरमू रोड तक चला अतिक्रमण अभियान।
60 से अधिक अस्थायी दुकानें और अवैध निर्माण हटाए गए।
सार्वजनिक भूमि खाली कर यातायात व्यवस्था सुधारी गई।
जागरण संवाददाता, रांची। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए रांची नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को निगम की इंफोर्समेंट टीम ने मोरहाबादी से लेकर हरमू रोड तक कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 60 से अधिक अस्थायी दुकानों और अवैध निर्माण को हटाया।
अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास भीड़भाड़ कम करना था।
मोरहाबादी रजिस्ट्री कार्यालय के समीप आक्सीजन पार्क की बाउंड्री वाल से सटे क्षेत्र से सारनटोली तक सड़क किनारे लगे 60 से अधिक अस्थायी ढांचे और दुकानें हटाई गईं।
सड़क को कराया गया खाली
निगम के अनुसार अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई थी, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। कार्रवाई के बाद सड़क को पूरी तरह खाली कराया गया।
अभियान के दौरान रांची कॉलेज के सामने तिरुपति टावर परिसर में गिफ्ट डीड की भूमि पर अवैध रूप से संचालित रिया जेराक्स दुकान को भी हटाया गया।
निगम ने कहा कि सार्वजनिक उपयोग के लिए हस्तांतरित भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा हरमू रोड स्थित शनि मंदिर के समीप पहले से चिन्हित अतिक्रमण वाले क्षेत्र में भी अवैध निर्माण हटाए गए। भारत माता चौक में भी सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाकर मार्ग को व्यवस्थित किया गया।