Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रांची में हरमू से मुक्तिधाम तक सड़क चौड़ीकरण अभियान, पांच सड़कों के निर्माण का हुआ शिलान्यास

    Updated: Fri, 10 Jul 2026 09:39 AM (GMT+05:30)

    रांची नगर निगम ने हरमू से मुक्तिधाम तक सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया, जिसमें अवैध कब्जे हटाए गए। इसके साथ ही महापौर रोशनी खलखो ने पा ...और पढ़ें

    सड़क चौड़ीकरण को रांची नगर निगम ने चलाया अभियान। (फोटो: जागरण)

    सड़क चौड़ीकरण को रांची नगर निगम ने चलाया अभियान। (फोटो: जागरण)

    HighLights

    1. हरमू से मुक्तिधाम तक सड़क चौड़ीकरण हेतु अतिक्रमण हटाए गए।

    2. पंजाबी भवन और हिंदुस्तान चौक के पास भी चला अभियान।

    3. पांच पीसीसी सड़क, एक आरसीसी नाली निर्माण का शिलान्यास।

    जागरण संवाददाता, रांची। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और सड़क चौड़ीकरण की तैयारी के तहत रांची नगर निगम ने गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान हरमू स्थित शनि मंदिर से मुक्तिधाम तक सड़क की मापी कर पूर्व में अधिग्रहित भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को चिह्नित किया गया।

    इसके साथ ही सार्वजनिक और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई भी की गई। नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने भू-संपदा शाखा के साथ संयुक्त रूप से सड़क चौड़ीकरण के लिए मापी की।

    इस दौरान कई दुकानों द्वारा सड़क और सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध विस्तार, सीढ़ियां, शेड तथा अन्य अस्थायी और स्थायी अतिक्रमणकारी संरचनाओं को हटाया गया। निगम का कहना है कि इससे सड़क चौड़ीकरण का रास्ता साफ होगा और आवागमन में भी सुविधा मिलेगी।

    अभियान के दौरान लाजपत पथ ओवरब्रिज के समीप पंजाबी भवन के पास सड़क और सार्वजनिक भूमि पर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। यहां करीब पांच अस्थायी संरचनाओं को हटाकर स्थल को कब्जामुक्त कराया गया।

    इसके अलावा वार्ड संख्या-49 स्थित हिंदुस्तान चौक के समीप सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे और बाउंड्रीवाल निर्माण को भी निगम की इंफोर्समेंट टीम ने ध्वस्त कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।

    mayor ranchi new raod

    रांची में पांच सड़कों और एक नाली निर्माण योजनाओं का शिलान्यास

    शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को रांची नगर निगम की ओर से विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया गया। महापौर रोशनी खलखो ने हटिया विधायक नवीन जायसवाल तथा कांके विधायक सुरेश बैठा के साथ अलग-अलग कार्यक्रमों में कुल पांच पीसीसी सड़क एवं एक आरसीसी नाली निर्माण योजना की आधारशिला रखी।

    पहले कार्यक्रम में हटिया विधायक नवीन जायसवाल और महापौर रोशनी खलखो ने वार्ड संख्या 43, 52, 48 और 36 में विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके तहत वार्ड 43 में पीसीसी पथ, वार्ड 52 के अपर हटिया में पीसीसी पथ, वार्ड 48 में पीसीसी पथ एवं आरसीसी नाली तथा वार्ड 36 में पीसीसी पथ निर्माण कार्य शुरू कराया गया।

    खबरें और भी

    इसके बाद महापौर ने कांके विधायक सुरेश बैठा की उपस्थिति में वार्ड संख्या 4 के चिरौंदी स्थित बैंक कॉलोनी रोड नंबर-1 में पीसीसी पथ निर्माण योजना का शिलान्यास किया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों में सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के आधार पर कर रहा है।

    विकास योजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और जलजमाव जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी। कार्यक्रम में वार्ड 48 के पार्षद अमित मिंज, वार्ड 36 की पार्षद निहारिका कुमारी, वार्ड 52 के पार्षद पीटर खोया, वार्ड 4 के पार्षद अमित मुंडा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।