'पहले टक्कर... फिर 15 लोगों की एंट्री!' रांची में कार विवाद ने लिया हिंसक मोड़, चेन और पैसे छीनने का आरोप
रांची के हिनू में कार टक्कर के बाद हुए विवाद में 15 युवकों ने अमन कुमार और उनके पिता पर ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
रांची के हिनू में कार टक्कर के बाद विवाद।
15 युवकों ने हमला कर मारपीट की।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू में कार की टक्कर के बाद हुए विवाद में 15 युवकों द्वारा हमला करने, मारपीट कर घायल करने और चेन व नकदी छीनने का आरोप लगाया गया है। चुना भट्ठा निवासी अमन कुमार की शिकायत पर डोरंडा थाना में मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में एक ग्रैंड विटारा के चालक विशाल सिंह और अन्य को आरोपित बनाया गया है।
प्राथमिकी के अनुसार, छह सितंबर की शाम करीब 7:15 बजे अमन धुर्वा से हिनू की ओर जा रहे थे। हिनू सेंट्रल बैंक के पास पीछे से एक ग्रैंड विटारा कार ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। कार में एक युवक और युवती के शराब के नशे में होने का आरोप लगाया गया है।
टक्कर के बाद नुकसान की भरपाई को लेकर दोनों पक्षों में बातचीत चल रही थी। इसी दौरान अमन के पिता दुर्गेश वर्मन भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि कार सवार युवक ने पैसे देने के बहाने अपने साथियों को बुला लिया।
आरोप है कि सभी ने लोहे की रड, लाठी और नुकीले हथियार से अमन और उसके साथ मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। हमले में अमन को चोट लगी, जबकि दुर्गेश वर्मन के सिर पर गंभीर चोट आई। पेट्रोलिंग पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बीच बचाव किया और घायलों को थाना पहुंचाया।
अमन ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनकी जेब से पांच हजार रुपये छीन लिए गए। उनके साथ मौजूद दुर्गेश वर्मन के गले से चेन भी छीन ली गई।
यह भी पढ़ें- आजादपुर मंडी में धनिया कारोबारी की हत्या, हेलमेट पहने हमलावरों ने बरसाईं गोलियां
यह भी पढ़ें- पश्चिम चंपारण में शराब पीने से रोका तो पत्नी पर चाकू से हमला, बचाने आए पिता की अंगुली काटी
