विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची: रीजनल पे एंड अकाउंट्स ऑफिस के गिरफ्तार तीनों लेखा अधिकारी CBI की रिमांड पर, लाखों का कैश बरामद

Updated: Fri, 28 Aug 2026 08:30 PM (IST)

सीबीआई ने रांची के डोरंडा स्थित रीजनल पे एंड अकाउंट्स कार्यालय के तीन लेखा अधिकारियों को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है।

रीजनल पे एंड अकाउंट्स ऑफिस के गिरफ्तार तीनों लेखा अधिकारी CBI की रिमांड पर

रीजनल पे एंड अकाउंट्स ऑफिस के गिरफ्तार तीनों लेखा अधिकारी CBI की रिमांड पर

HighLights

  1. सीबीआई ने तीन लेखा अधिकारियों को रिश्वत मामले में रिमांड पर लिया।

  2. रांची में 48,400 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार।

  3. आरोपितों के ठिकानों से 10-12 लाख रुपये नकद जब्त।

राज्य ब्यूरो, रांची। सीबीआई की रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने रांची के डोरंडा स्थित रीजनल पे एंड अकाउंट्स कार्यालय के गिरफ्तार तीनों लेखा अधिकारियों को शुक्रवार की शाम तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर ले लिया है। उनसे सीबीआई पूछताछ कर रही है। सीबीआई ने गुरुवार को तीनों को 48,400 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तार लेखा अधिकारियों में सीनियर अकाउंट अधिकारी संतोष कुमार महतो, सहायक अकाउंट अधिकारी सुनील कुमार व सहायक अकाउंट अधिकारी सुजीत कुमार सिंह शामिल थे। आरोपितों के ठिकानों पर की गई तलाशी के दौरान करीब 10-12 लाख रुपये नकदी की भी जब्ती की गई थी।

कई अहम सबूत जब्त किए गए थे। इनमें डिजिटल डिवाइस, अचल संपत्ति खरीदने से जुड़े दस्तावेज़, निवेश, गहने और बैंक ट्रांजेक्शन से जुड़े कागजात शामिल हैं।

रीजनल पे एंड अकाउंट्स कार्यालय केंद्रीय गृह मंत्रालय की संस्था है, जो एनआईए, सीआईएसएफ व एनसीबी का अकाउंट्स देखती है। अब रिमांड पर तीनों ही आरोपितों से सीबीआई उनके सहयोगियों व संरक्षकों आदि के बारे में जानकारी जुटाएगी।

सीआईएसएफ के हवलदार रविकांत त्रिपाठी ने दर्ज प्राथमिकी में जो दी थी जानकारी

सीआईएसएफ के हवलदार रविकांत त्रिपाठी के बयान पर सीबीआई की रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा में 26 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। रविकांत त्रिपाठी वर्तमान में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित नेशनल थर्मल पावर स्टेशन (एनटीपीसी) के मेजा ऊर्जा निगम यूनिट में पदस्थापित हैं।

उन्होंने पहले 15 अगस्त को लिखित शिकायत की थी, जिसका सत्यापन सीबीआई की रांची स्थित एसीबी के इंस्पेक्टर अक्षय कंबोज ने किया था।

शिकायत में उनका आरोप था कि उनकी यूनिट ने 28 यात्रा भत्ता (टीए) से संबंधित बिल व 10 चिल्ड्रेन एजुकेशन अलाउंस (सीईए) बिल भुगतान के लिए रांची के डोरंडा स्थित रीजनल पे एंड अकाउंट्स कार्यालय में जमा करने के लिए भेजा था।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन संचालित इस कार्यालय के सहायक अकाउंट अधिकारी सुनील कुमार व अकाउंट अधिकारी संतोष कुमार महतो ने इन लंबित बिलों की प्रोसेसिंग व भुगतान के लिए 40 हजार से 50 हजार रुपये तक के रिश्वत की मांग की। इसके बाद ही उन्होंने सीबीआई की रांची स्थित एसीबी ने उनकी लिखित शिकायत की थी।

सीबीआई के इंस्पेक्टर अक्षय कंबोज ने सत्यापन में शिकायत को सही पाया। शिकायतकर्ता के सहयोगी उमाशंकर मिश्रा के लंबित टीए-सीईए बिलों को प्रोसेस व क्लियर करने तथा भुगतान आदेश जारी करने के लिए 47 हजार रुपये की मांग की गई थी।

सत्यापन में सही पाए जाने के बाद इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। इस प्राथमिकी की जांच का जिम्मा सीबीआई के डीएसपी कुलदीप को सौंपा गया है।

यह भी पढ़ें- रीजनल पे एंड अकाउंट्स के 3 अफसर ₹48400 की रिश्वत लेते गिरफ्तार, CBI ने रांची-धनबाद में 5 ठिकानों पर मारा छापा