शादी का प्री-वेडिंग शूट बना 12 लाख की चोरी का जाल! रांची में कोलकाता के फोटोग्राफरों के कैमरे उड़ाए
कोलकाता के दो छायाकारों को प्री-वेडिंग शूट के बहाने रांची बुलाकर होटल से करीब 12 लाख रुपये के कैमरे और ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
कोलकाता के छायाकारों को रांची बुलाकर कैमरे चोरी।
सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन से जांच जारी।
जागरण, संवददाता, रांची। रांची के डेली मार्केट थाना क्षेत्र स्थित होटल राजधानी प्लाजा में शादी के पूर्व फोटोशूट के बहाने कोलकाता के दो पेशेवर छायाकारों को रांची बुलाकर करीब 12 लाख रुपये के कैमरे और अन्य उपकरण चोरी करने का मामला सामने आया है।
इस संबंध में डेली मार्केट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले में मुख्य साजिशकर्ता विश्वजीत सिन्हा, उसके सहयोगी रितेश और ऑनलाइन भुगतान खाते के धारक धीरज कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया है।
भोजन कराने के बहाने कमरे से बाहर ले गया
उत्तर 24 परगना, कोलकाता निवासी छायाकार राहुल दास और धनंजय घोष के अनुसार, विश्वजीत सिन्हा ने 18 अगस्त को फोन कर रांची में शादी के पूर्व फोटोशूट का काम देने की बात कही थी। इसके लिए उसने दोनों को चार हजार रुपये अग्रिम राशि ऑनलाइन भेजी थी।
20 अगस्त की रात दोनों हावड़ा-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस से रांची पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर रितेश उन्हें लेने आया और होटल राजधानी प्लाजा के कमरा नंबर 303 में ले गया। कुछ देर बाद रितेश दोनों को भोजन कराने के बहाने होटल से बाहर ले गया।
रितेश ने दोनों से कहा कि कमरे में ताला लगा हुआ है और होटल परिसर में निगरानी कैमरे लगे हैं, इसलिए उनके महंगे कैमरे और अन्य उपकरण सुरक्षित रहेंगे। रात करीब 10:30 बजे दोनों भोजन कर वापस होटल पहुंचे तो कमरे में रखे दोनों कैमरा बैग और सभी उपकरण गायब मिले।
दोहरी चाबी से कमरा खोलते दिखा युवक
होटल में लगे निगरानी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध युवक कमरे की दोहरी चाबी से ताला खोलकर अंदर जाता दिखाई दिया। कुछ देर बाद वह ‘ट्राइपॉड’ लिखा काला बैग लेकर तेजी से होटल से बाहर निकलता नजर आया। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी में जुटी है।
ये उपकरण हुए चोरी
चोरी गए सामान में सोनी ए-7 चार कैमरा बॉडी, सोनी एफएक्स-3 कैमरा बॉडी, सिग्मा 35 मिलीमीटर और 85 मिलीमीटर लेंस, विल्ट्रॉक्स लेंस, डीजीआई आरएस-4 गिम्बल, गोडॉक्स फ्लैश, विल्ट्रॉक्स मॉनिटर समेत कई अन्य कैमरा उपकरण और सहायक सामग्री शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।
मोबाइल लोकेशन के आधार पर छापामारी
डेली मार्केट थाना पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल की लोकेशन और होटल के निगरानी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संभावित ठिकानों पर छापामारी भी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरी गए कैमरे और अन्य उपकरण बरामद कर लिए जाएंगे।
