किता और सिल्ली स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर मिट्टी का तेज कटाव, लगातार बारिश से खतरे पर रांची रेल मंडल की नजर
किता स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे 200 मीटर हिस्से में बारिश से मिट्टी का कटाव हो रहा है। ...और पढ़ें

रेलवे ने कहा कटाव वाले स्थान पर अतिरिक्त मिट्टी डाली गई, नियमित पेट्रोलिंग जारी।
HighLights
किता स्टेशन के पास 200 मीटर ट्रैक पर मिट्टी का कटाव।
बारिश के कारण ढलान वाले हिस्से में कटाव बढ़ रहा है।
रेलवे ने अतिरिक्त मिट्टी डाली, स्थिति सुरक्षित बताई।
जागरण संवाददाता, रांची। किता स्टेशन से करीब आधा किलोमीटर दूर सिल्ली स्टेशन की ओर जाने वाले रास्ते के समीप रेलवे ट्रैक के किनारे बारिश के कारण मिट्टी का कटाव लगातार हो रहा है। करीब 200 मीटर के हिस्से में ट्रैक के आसपास ढलान वाले स्थान पर मिट्टी कटने से सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर चिंता यह है कि यदि लगातार तेज बारिश होती रही तो कटाव और बढ़ सकता है, जिससे रेलवे ट्रैक की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका है। ट्रैक के आसपास ढलान वाले हिस्से में मिट्टी को रोकने के लिए पर्याप्त हरियाली या घास नहीं होने के कारण बारिश का पानी सीधे मिट्टी को बहा रहा है।
इससे कई स्थानों पर मिट्टी का कटाव दिखाई दे रहा है। ऐसे में बारिश जारी रहने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है। रेलवे को ऐसे स्थानों पर मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए स्थायी उपाय करने की जरूरत है।
मेसरा-बरकाकाना-हजारीबाग सेक्शन में जाली से सुरक्षा
रेलवे के मेसरा-बरकाकाना-हजारीबाग सेक्शन में भी सुरक्षा की दृष्टि से ढलान वाले हिस्सों को जाली से बांधा गया है, ताकि मिट्टी के कटाव को नियंत्रित किया जा सके और दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।
इसी तरह के उपाय किता के पास भी किए जाने की जरूरत बताई जा रही है। हालांकि, रेलवे की ओर से नियमित रूप से फुट प्लेटिंग के माध्यम से ट्रैक का निरीक्षण किया जाता है।
रेलवे ने कहा- स्थिति पर लगातार नजर
इस संबंध में रांची रेल मंडल के डीआरएम करुण निधि सिंह ने बताया कि किता के पास स्थिति ऐसी नहीं है, जिससे किसी तरह की सुरक्षा संबंधी परेशानी हो। मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए अतिरिक्त मिट्टी डाली गई है।
रेलवे की टीम की इस क्षेत्र पर लगातार नजर है। जहां भी थोड़ा कटाव हुआ है, उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग भी होती है और ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित है।
