दंपती गिरफ्तार: रांची में प्रेम–शादी विवाद में चाय में जहर डालकर हत्या, दो दिन में दो मौतें
Jharkhand रांची में 24 घंटे के भीतर प्रेम-प्रसंग से जुड़े दो जघन्य हत्याकांड सामने आए हैं। सोनाहातू में हरिहर महतो का सिर कटा शव मिला, जिसमें प्रेम-प् ...और पढ़ें

तमाड़ थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार।
HighLights
तमाड़ में चाय में जहर देकर हत्या, पति-पत्नी गिरफ्तार।
सोनाहातू में युवक का सिर कटा शव मिला, दंपती अरेस्ट।
जागरण संवाददाता,रांची। राजधानी रांची में प्यार और विवाद से जुड़े दो भयानक मामलों ने पिछले 24 घंटे में सनसनी फैला दी है। रांची के सोनाहातू इलाके में 25 वर्षीय हरिहर महतो का सिर और निजी अंग कटा शव कांची नदी किनारे मिला है, पुलिस ने प्रेम‑प्रसंग को हत्या का संभावित कारण बताया है।
वहीं तमाड़ थाना क्षेत्र के ग्राम लोधमा में प्रेम और शादी के विवाद में शंकर नायक को चाय में कीटनाशक मिलाकर पिलाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस हत्या के आरोप में पति‑पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों मामलों में पुलिस गहन जांच कर रही है और सबूत जुटा रही है, ताकि प्रेम के नाम पर हुई इन जानलेवा वारदातों का पूरा सच सामने आ सके।
तमाड़ थाना क्षेत्र के ग्राम लोधमा में युवक की जहर खाने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने जांच के बाद चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार यह मामला आत्महत्या का नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का है।
प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर हुए विवाद में युवक को चाय में कीटनाशक मिलाकर जहर पिलाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार तमाड़ थाना को सूचना मिली कि ग्राम लोधमा में एक युवक की जहर खाने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए गांव पहुंची। जांच में पता चला कि घरवालों द्वारा युवक शंकर नायक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे जहर खाने के कारण मृत घोषित कर दिया।
खबरें और भी
मृतक के भाई सुकरा नायक के लिखित आवेदन के आधार पर तमाड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी में ग्राम लोधमा निवासी गीता देवी (35 वर्ष), उनके पति बलदेव मछुवा (38 वर्ष) तथा नाबालिग सोहिनी कुमारी (15 वर्ष) को अभियुक्त बनाया गया।
पुलिस अनुसंधान के दौरान सामने आया कि मृतक शंकर नायक, अभियुक्त गीता देवी का चचेरा देवर था। करीब तीन वर्ष पूर्व शंकर नायक के माता-पिता की बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी। इसके बाद गीता देवी उसके घर का कामकाज देखने लगी।
इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। पुलिस के अनुसार, जब शंकर नायक ने शादी के लिए लड़की देखनी शुरू की तो गीता देवी इसका विरोध करने लगी। वह नहीं चाहती थी कि शंकर नायक शादी कर अपना परिवार बसाए।
इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता गया और गीता देवी ने अपने पति बलदेव मछुवा के साथ मिलकर शंकर नायक को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। तय योजना के अनुसार शंकर नायक को चाय में कीटनाशक दवा मिलाकर पिला दी गई।
चाय पीने के कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, मुंह से झाग निकलने लगा। अस्पताल ले जाने के बाद युवक की मौत हो गई। जांच पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।