विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची के मोरहाबादी में सजने वाला है नया बाजार! 205 फुटपाथ दुकानदारों को मिलेगी जगह; जाम से भी राहत की उम्मीद

Published: Sun, 25 Oct 2026 08:00 AM (IST)

रांची के मोरहाबादी में 3.26 करोड़ की लागत से आधुनिक वेंडिंग जोन बन रहा है, जिसमें 205 फुटपाथ दुकानदारों को ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. मोरहाबादी में 3.26 करोड़ का आधुनिक वेंडिंग जोन बन रहा।

  2. 205 फुटपाथ दुकानदारों को स्थायी कारोबार स्थल मिलेगा।

जागरण संवाददाता, रांची। मोरहाबादी में फुटपाथ दुकानदारों को स्थायी और व्यवस्थित कारोबार स्थल उपलब्ध कराने के लिए 3.26 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित किया जा रहा है।

रजिस्ट्री कार्यालय के समीप करीब एक एकड़ जमीन पर बन रहे इस वेंडिंग जोन में 205 दुकानदारों के लिए जगह उपलब्ध होगी। इससे सड़क किनारे दुकान लगाने की मजबूरी कम होगी और क्षेत्र में जाम व अव्यवस्था से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निर्माणाधीन वेंडिंग जोन का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि परिसर में एक मंजिला शेड बनाया जा रहा है। इसके अलावा पेयजल, शौचालय, पैदल पथ, नाली, वर्षा जल संचयन, हरियाली, बिजली और सुरक्षा कक्ष की व्यवस्था की जाएगी।

धीमी निर्माण गति पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को काम में तेजी लाने और अगले सात दिनों के भीतर चारदीवारी का निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया।

परिसर में पेवर ब्लाक व्यवस्थित करने के साथ नाली, पैदल पथ और पुलिया का काम भी बेहतर तरीके से पूरा करने को कहा। प्रवेश और निकास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा नहीं होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने वेंडिंग जोन को केवल दुकानदारों के कारोबार का स्थल नहीं, बल्कि स्वच्छता और बेहतर शहरी व्यवस्था की पहचान के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। 

यह भी पढ़ें- जांच के घेरे में रांची के मोरहाबादी का पार्क भी, कांके रोड के बार एनसीबी के रडार पर, 28 अक्टूबर को होगी पूछताछ

यह भी पढ़ें- रांची में इन सरकारी दफ्तरों के पास धरना-प्रदर्शन पर पाबंदी, बिना अनुमति जुलूस-रैली निकालने पर होगी कार्रवाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।