Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रांची में गहराते गैस संकट के बीच PNG की बढ़ी मांग, एक महीने में दिए गए 2000 नए PNG कनेक्शन

    Updated: Sat, 28 Mar 2026 05:25 AM (IST)

    रांची में एलपीजी गैस की किल्लत के चलते पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) की मांग तेजी से बढ़ी है। मार्च 2026 में 2000 नए कनेक्शन दिए गए, जबकि कुल 24,000 घरों म ...और पढ़ें

    गैस संकट के बीच PNG की बढ़ी मांग

    गैस संकट के बीच PNG की बढ़ी मांग

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, रांची। रांची में एलपीजी गैस सिलिंडर की किल्लत के बीच पाइप नेचुरल गैस की मांग तेजी से बढ़ रही है। जिन इलाकों में पाइपलाइन पहले से बिछी हुई है, वहां अब बड़ी संख्या में लोग पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर रहे हैं। 

    घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी अब इस विकल्प को अपना रहे हैं। शहर में कुल 78 हजार पीएनजी कनेक्शन देने की क्षमता है। 24000 घरों में कनेक्शन दिए जा चुके है, जिसमें करीब 18,500 घरों में गैस सप्लाई नियमित रूप से शुरू हो चुकी है। 

    मार्च 2026 में ही लगभग 2000 नए कनेक्शन

    मार्च 2026 में ही लगभग 2000 नए कनेक्शन दिए गए, जबकि फरवरी में यह आंकड़ा करीब 1500 था। इससे साफ है कि हर महीने मांग तेजी से बढ़ रही है। वहीं रांची में कई आवेदन पेंडिंग है। विभाग से संपर्क करने पर अधिकारियों ने कितने आवेदन पेडिंग है, इसकी जानकारी नहीं दे पाए।

    इन इलाकों में पहुंची पाइपलाइन

    अशोक नगर, अरगोड़ा, बरियातू, कांके रोड, डिबडीह, टुपुदाना, हरमू, हटिया, धुर्वा, चेशायर होम रोड, जोड़ा तालाब, बूटी मोड़, हेहल और पिस्का मोड़ सहित कई इलाकों में पीएनजी नेटवर्क बिछ चुका है। 

    इसके अलावा लालपुर और मेन रोड के करीब 30 प्रतिशत हिस्सों में भी पाइपलाइन पहुंच गई है। लेकिन विभाग की सुस्ती के कारण लोगों को पीएनजी की सेवा अब तक नहीं मिल पा रही है।

    शहर में लो प्रेशर की शिकायतें, पेट्रोलिंग नहीं करने से बढ़ रही समस्या

    कई इलाकों में दो साल पहले पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन अब जाकर लोग तेजी से कनेक्शन ले रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि पीएनजी की सप्लाई नियमित है और प्रेशर भी अच्छा मिलता है। 

    खबरें और भी

    हालांकि कुछ क्षेत्रों में कम प्रेशर की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिन्हें विभाग जल्द ठीक करने का दावा कर रहा है। लेकिन वहीं विभाग नियमित रूप से पेट्रोलिंग नहीं करता है, जिसके कारण समस्या बनी हुई है।

    एलपीजी से सस्ती पड़ रही पीएनजी की सेवा

    घरेलू पीएनजी गैस की कीमत करीब 47.38 प्रति एससीएम है, जो एलपीजी की तुलना में लगभग 10 से 15 प्रतिशत सस्ती पड़ती है। वहीं कमर्शियल उपयोग के लिए इसकी कीमत करीब 71.10 प्रति एससीएम है। कम खर्च और सुविधा के कारण लोग तेजी से पीएनजी की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

    व्यावसायिक कनेक्शन भी बढ़े

    मार्च महीने में करीब 20 व्यावसायिक कनेक्शन दिए गए हैं। पिछले तीन महीनों में कुल 38 कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायी भी अब पीएनजी को अपनाने लगे हैं, जिससे उनकी लागत में कमी आ रही है। 

    पीएनजी कनेक्शन के लिए उपभोक्ता ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कस्टमर रजिस्ट्रेशन और केवाईसी प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है। हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

    क्या है कनेक्शन शुल्क

    घरेलू कनेक्शन के लिए करीब 4500 के साथ 500 सिक्योरिटी देनी होती है। कमर्शियल कनेक्शन 5000 से शुरू होते हैं। खपत के अनुसार अतिरिक्त शुल्क लागू होता है। 

    विभाग की ओर से चेतावनी दी गई है कि जिन इलाकों में पीएनजी पाइपलाइन बिछ चुकी है, वहां भविष्य में एलपीजी सप्लाई बंद की जा सकती है। ऐसे में लोगों को समय रहते कनेक्शन लेने की सलाह दी गई है।

    रांची में गैस संकट के बीच पीएनजी एक सस्ता, सुरक्षित और भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरा है। आने वाले दिनों में शहर के और इलाकों में इसके विस्तार की संभावना है, जिससे उपभोक्ताओं को और राहत मिलेगी।- प्रशांत कुमार सिंह, डीजीएम, गेल इंडिया रांची