रांची में सिविल सेवा मुख्य परीक्षा केंद्र के पास धारा 144 लागू, एमबीबीएस काउंसिलिंग के लिए बढ़ाई समय सीमा
रांची में सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 के शांतिपूर्ण संचालन के लिए निर्मला कॉलेज केंद्र के 200 मीटर दायरे में ...और पढ़ें

निर्मला कालेज, डोरंडा परीक्षा केंद्र के आसपास पांच या अधिक लोगों के जुटने पर रोक।
HighLights
सिविल सेवा मुख्य परीक्षा के लिए निषेधाज्ञा लागू।
निर्मला कॉलेज केंद्र के 200 मीटर दायरे में प्रतिबंध।
21, 22, 23, 29, 30 अगस्त को सुबह 6 से रात 8:30 बजे तक।
जागरण संवाददाता, रांची। संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली की ओर से आयोजित सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा 2026 के कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर निर्मला कालेज, डोरंडा परीक्षा केंद्र के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की गई है।
सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है। निषेधाज्ञा 21, 22, 23, 29 और 30 अगस्त को सुबह छह बजे से शाम 8:30 बजे तक प्रभावी रहेगी।
जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके बावजूद परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों, उनके अभिभावकों अथवा असामाजिक तत्वों की ओर से परीक्षा केंद्र के आसपास भीड़ लगाकर विधि-व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
इन गतिविधियों पर रहेगा प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में पांच या पांच से अधिक लोगों के एक स्थान पर जमा होने पर रोक रहेगी। सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी-कर्मचारी और शवयात्रा इससे मुक्त रहेंगे। इसके अलावा किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा।
एमबीबीएस काउंसिलिंग के लिए बढ़ाई समय सीमा
झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने एमबीबीएस, बीडीएस तथा बीएचएमएस में नामांकन के लिए आयोजित होनेवाली काउंसिलिंग की समय सीमा बढ़ा दी है। इसके तहत राज्य मेधा सूची में सम्मिलित अभ्यर्थी अब 21 अगस्त तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन तथा विकल्प भर सकेंगे। इसी तिथि तक उसमें संशोधन भी होगा।
23 से 28 अगस्त तक सीटों का आवंटन होगा तथा इसी दौरान संस्थानों में नामांकन होगा। दरअसल, तकनीकी करणों से पर्षद का सर्वर डाउन हो गया था, जिस कारण काउंसिलिंग की प्रक्रिया ठप हो गई थी।
इधर, पर्षद ने कामर्शियल पायलट लाइसेंस ट्रेनिंग प्रवेश परीक्षा का परिणाम भी 21 अगस्त को जारी करने का निर्णय लिया है। पर्षद ने बुधवार केा इस संबंध में सूचना प्रकाशित की है।
