विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में नगर निगम के कर्मचारी की ओझा-गुनी के शक में हत्या, कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचा आरोपित

Published: Sun, 12 Jul 2026 03:41 AM (IST)

तुपुदाना में नगर निगम कर्मचारी झीगा लकड़ा की ओझा-गुनी और डायन-बिसाही के शक में कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. नगर निगम कर्मी की ओझा-गुनी के शक में हत्या।

  2. आरोपी ने परिवार की बीमारी के लिए मृतक को ठहराया जिम्मेदार।

  3. आरोपी सुका ने कुल्हाड़ी सहित थाने में किया आत्मसमर्पण।

जागरण संवाददाता, तुपुदाना। तुपुदाना थाना क्षेत्र के चिटुवादाग गांव में शनिवार शाम नगर निगम के सफाई कर्मचारी झीगा लकड़ा (50) की कथित तौर पर ओझा-गुनी और डायन-बिसाही के शक में कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित सुका अपने परिवार के लोगों की तबीयत बार-बार खराब होने के लिए मृतक की पत्नी और मृतक को जिम्मेदार मानता था।

वह कई बार मृतक की पत्नी पर डायन-बिसाही करने का आरोप लगा चुका था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। जानकारी के अनुसार झीगा लकड़ा रांची नगर निगम में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था।

उसकी ड्यूटी सेक्टर-2 में थी। शनिवार को वह ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने घर चिटुवादाग लौटा था। शाम के समय वह अपने घर पर मौजूद था।

बताया जा रहा है कि उसका जीजा, जो नगर निगम में ही कार्यरत है, उसके साथ मछली लेकर घर आया था। दोनों मछली बनाने की तैयारी कर रहे थे।

इसी दौरान पड़ोसी सुका वहां पहुंचा और किसी बात पर विवाद के बाद झीगा लकड़ा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा थाना

घटना के बाद आरोपित सुका खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर सीधे तुपुदाना थाना पहुंच गया और पुलिस को हत्या करने की जानकारी दी।

शुरुआत में पुलिसकर्मियों को उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन जब पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तो वहां झीगा लकड़ा का शव पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी।

सूचना मिलने पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वहीं, आरोपित को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार गांव में पिछले कुछ समय से परिवार के लोगों के बीमार पड़ने की घटनाओं को लेकर अंधविश्वास का माहौल बना हुआ था।

आरोपित का मानना था कि उसके परिवार की परेशानियों के पीछे मृतक की पत्नी का हाथ है। इसी कारण वह कई बार सार्वजनिक रूप से उस पर डायन-बिसाही का आरोप लगा चुका था।

पहले भी हुआ था विवाद

ग्रामीणों का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे अंधविश्वास, आपसी विवाद या कोई अन्य कारण है, इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है।

एफएसएल की रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और आरोपित से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

पुलिस जब हत्या करने वाले आरोपित को लेकर गांव पहुंची तो ग्रामीण उसे मार डालने पर उतारु थे। पुलिस किसी तरह आरोपित को गाड़ी में बैठाकर बचाते हुए थाना पहुंची।

यह भी पढ़ें- साली की शादी तय होने से नाराज था जीजा, गिरिडीह में बरात आने से पहले कर डाला दूल्हे का मर्डर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।