ट्रैफिक संभालने पहुंचे थे, आपस में ही भिड़ गए पुलिसकर्मी; रांची में ड्यूटी के दौरान हंगामा
रांची के वीर दुर्गा सोरेन चौक पर ड्यूटी के दौरान दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी आपस में भिड़ गए, जिनकी कहासुनी हाथापाई में बदल गई। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने जांच के आदेश दिए हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

रांची के वीर दुर्गा सोरेन चौक पर पुलिसकर्मी भिड़े। जागरण
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित वीर दुर्गा सोरेन चौक पर ड्यूटी के दौरान दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के आपस में भिड़ने का मामला सामने आया है। दरअसल, दोनों पुलिसकर्मियों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट में बदल गई। सड़क पर दोनों को एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाते देिखे, जिसे दिख राहगीर और स्थानीय लोग भी हैरान रह गए।
बताया जा रहा है कि दोनों ट्रैफिक पुलिसकर्मी वीर दुर्गा सोरेन चौक पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए तैनात थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में यह मामला बढ़ गया और दोनों सड़क पर ही आपस में भिड़ गए।

राहगीरों ने कराया बीच-बचाव
इस घटना के दौरान चौक पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहां आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर दोनों पुलिसकर्मियों को अलग कराया, जिसके बाद स्थिति को शांत कराया जा सका। इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
ड्यूटी के दौरान मारपीट पर उठे सवाल
वायरल वीडियो सामने आने के बाद ड्यूटी के दौरान दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के इस तरह सार्वजनिक स्थान पर आपस में भिड़ने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो और घटना की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल, इस मामले में संबंधित पुलिस अधिकारियों की ओर से किसी जांच या कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
