रांची विश्वविद्यालय में नए कोर्स की नामांकन तिथि जारी, फिर अगले सत्र के लिए टली प्रक्रिया
रांची विश्वविद्यालय में एमए इन एजुकेशन, एमएससी डेटा साइंस और सांख्यिकी जैसे नए कोर्स में नामांकन चांसलर पोर्टल पर अपलोड ...और पढ़ें

रांची विवि के तीन नए कोर्स में नामांकन रुका।
HighLights
रांची विवि के तीन नए कोर्स में नामांकन रुका।
चांसलर पोर्टल पर कोर्स अपलोड न होने से समस्या।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची विश्वविद्यालय में तीन नए कोर्स की शुरुआत की गयी, इसके नामांकन की तैयारी भी हुई और 2026-28 सत्र के अनुसार नामांकन भी लेना था। लेकिन अब तीनों कोर्स में किसी में भी नामांकन नहीं हो रहा है। क्योंकि चांसलर पोर्टल पर इन तीन कोर्स से संबंधित कोई जानकारी नहीं है।
ये कोर्स हैं, एमए इन एजुकेशन, एमएससी डेटा साइंस और एमएससी सांख्यिकी। वहीं एमए इन एजुकेशन में नामांकन की सूचना जारी होने के बाद केवल दो दिन ही नामांकन की अंतिम तारीख जारी कर दी गयी थी। वहीं अब इन तीनों कोर्स में अगले सत्र से नामांकन की तैयारी चल रही है। विद्यार्थी आवेदन करने का इंतजार करते रहे और दूसरी ओर चांसलर पोर्टल पर इसकी जानकारी तक नहीं दी गई।
एमए इन एजुकेशन में नामांकन की प्रक्रिया केवल जानकारी तक
रांची विश्वविद्यालय की ओर से एमए इन एजुकेशन में नामांकन की प्रक्रिया केवल जानकारी तक ही सीमित रह गई है। 12 अगस्त को विवि की ओर से एक सूचना जारी होती है कि यूनिवर्सिटी स्कूल आफ एजुकेशन में सत्र 2026-28 से एमए एजुकेशन कोर्स में नामांकन चांसलर पोर्टल से किया जा रहा है।
किसी भी विषय में 45 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक की योग्यता रखने वाले विद्यार्थी नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन 14 से 22 अगस्त तक कर सकते हैं। इसके तहत शुल्क की जानकारी भी दे दी गयी थी। लेकिन दूसरी ओर चांसलर पोर्टल पर इस विषय को अपलोड ही नहीं किया गया और अंतिम तिथि भी समाप्त हो गयी।
वहीं विवि के डीएसडब्ल्यू डॉ. सुदेश कुमार साहू ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण वर्तमान में ऑफलाइन माध्यम से एमए एजुकेशन के नामांकन की प्रक्रिया डीएसडब्ल्यू कार्यालय से चल रही है।
एमएससी डेटा साइंस व सांख्यिकी विषय में नहीं शुरू हुआ नामांकन
वहीं विवि की ओर से पहले एमएससी डेटा साइंस और एमएससी सांख्यिकी के दो वर्षीय कोर्स में भी नामांकन की तैयारी शुरू की गयी थी। पीजी गणित विभाग की ओर से संचालित होने वाले इन दोनों कोर्स में भी वर्तमान में नामांकन नहीं हो रहा है। इन दोनों कोर्स में 2026-28 के अंतर्गत नामांकन होना था। लेकिन बाद में इसके नामांकन की प्रक्रिया बंद कर दी गयी। चांसलर पोर्टल पर इसे अपलोड नहीं किया गया।
वजह है कि वर्तमान में पीजी के 2025-27 सत्र के नामांकन की प्रक्रिया अभी समाप्त नहीं हुई है, इसकी वजह से चांसलर पोर्टल पर नए सत्र 2026-28 को अपलोड नहीं किया जा सकता है। इस संबंध में विवि की पीआरओ डॉ. स्मृति सिंह ने बताया कि तीनों नए कोर्स में नामांकन की अपडेट जानकारी मुझे नहीं है।
