रांची में बंद कमरे में दम घुटने से मां-बेटे की मौत, 2 की हालत नाजुक
रातू के चटकपुर में एक किराए के मकान से मां और बेटे का शव मिला, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

रोते-बिलखते परिजन। (जागरण)
HighLights
रातू में मां-बेटे का शव, दो अन्य घायल मिले।
बंद कमरे में कोयले के चूल्हे से हुआ हादसा।
कार्बन मोनोऑक्साइड से दम घुटने की आशंका जताई गई।
संवाद सूत्र, रातू। रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर शांति नगर पोखरटोला में शनिवार की सुबह एक किराए के मकान से मां-बेटे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान 32 वर्षीय पिंकी देवी और उनके ढाई वर्षीय पुत्र श्रवण कुमार के रूप में हुई है। वहीं, पिंकी की 15 वर्षीय ननद चंदा कुमारी तथा चार वर्षीय बेटी प्राची कुमारी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं, जिन्हें इलाज के लिए पहले सेवा सदन और बाद में रिम्स में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बिहार के छपरा जिला निवासी पंचम शाह चटकपुर में किराए के मकान में रहते हैं। उनके परिवार के सदस्य एक कमरे में रात को सोए हुए थे।
परिवार के सदस्य रात में कोयले के चूल्हे पर खाना बनाए, भोजन किया और उसी कमरे में सो गए। सुबह काफी देर तक जब घर के अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो पंचम शाह और परिवार और आसपास के लोगों ने आवाज लगाई।
चार लोग पड़े थे बेहोश
कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने छप्पर हटाकर अंदर प्रवेश किया। वहां देखा कि सभी चारों लोग बेहोश पड़े थे।घटना में पंचम शाह की बहू पिंकी देवी (30 वर्ष) पोता अभिनव कुमार (ढाई वर्ष) की मौत हो चुकी थी।
वहीं, पोती प्राची कुमारी ( 4 वर्ष) एवं बेटी चंदा कुमारी (उम्र 17 वर्ष) को गंभीर अवस्था में तत्काल इलाज के लिए पहले सेवा सदन फिर रिम्स भेजा गया। घटना का प्रथम दृष्टा कारण कार्बन मोनोआक्साइड से दम घुटना बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर घटनास्थल पर पहुंची।आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजवाया। इस हृदय विदारक घटना के बाद वहां स्थानीय लोगों के भीड़ लग गई।
पुलिस ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि घटना की प्रशासन द्वारा जांच की जाएगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रभावित परिवार काफी गरीब है उसे इलाज एवं अंतिम संस्कार करने के लिए भी व्यवस्था नहीं है।
इसके लिए लोग आपस में सहयोग भी कर रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- गया होकर चलेगी रांची-पटना परीक्षा स्पेशल, मगध क्षेत्र के हजारों अभ्यर्थियों को मिलेगी बड़ी राहत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।