मौर्य एक्सप्रेस में टरका रहे थे अवैध शराब, मुरी स्टेशन पर RPF के हत्थे चढ़ा तस्कर; मधुपुर में पकड़ाई महिला तस्कर
आरपीएफ ने 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत मुरी रेलवे स्टेशन पर मौर्य एक्सप्रेस से एक शराब तस्कर को पकड़ा। तस्कर समीर ...और पढ़ें

तस्कर समीर कुमार झा से 10,000 रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब जब्त कर उत्पाद विभाग को सौंपा गया।
HighLights
आरपीएफ ने 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत कार्रवाई की।
मौर्य एक्सप्रेस से अवैध शराब तस्कर समीर झा गिरफ्तार।
लगभग 10,000 रुपये की विदेशी शराब जब्त हुई।
जागरण संवाददाता, रांची। त्योहारों और शादियों के सीजन से पहले अवैध शराब तस्करों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत मुरी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मौर्य एक्सप्रेस से एक शराब तस्कर को दबोचा है। उसके पास से करीब 10,000 रुपये मूल्य की अवैध शराब बरामद की गई है।
घटना 21 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे की है। मुरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15027) रुकी हुई थी। इसी दौरान आरपीएफ की टीम रूटीन चेकिंग कर रही थी। ट्रेन के बी-7 कोच में एक शख्स संदिग्ध हालत में ट्रॉली बैग लेकर घूम रहा था।
शक होने पर जब जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके हरे रंग के ट्रॉली बैग की तलाशी ली, तो बैग के अंदर अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब की बोतलें मिलीं। पकड़े गए आरोपी की पहचान समीर कुमार झा (36 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के दरभंगा का रहने वाला है। पूछताछ में वह शराब ले जाने से जुड़े वैध कागजात या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। बता दें कि
आरपीएफ और उड़नदस्ता टीम की संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट मुरी और रांची की विशेष उड़नदस्ता टीम ने संयुक्त रूप से की। पूरी कार्रवाई का नेतृत्व मुरी पोस्ट कमांडर संजीव कुमार ने किया। टीम में उपनिरीक्षक रवि शंकर, सहायक उपनिरीक्षक एमके जायसवाल, बीएन ठाकुर, रांची उड़नदस्ता टीम के उपनिरीक्षक रवि शेखर और आरक्षी प्रदीप कुमार की अहम भूमिका रही।
आरपीएफ ने आरोपी तस्कर और जब्त की गई शराब, कुल 6.840 लीटर और अनुमानित कीमत 9,960 रुपये, को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, रांची को सौंप दिया है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाया जाना था। बिहार की शराब तस्कर नेहा झा प्रकरण के बाद झारखंड में भी सख्ती बरती गई है।

दरभंगा शराब ले जा रही महिला तस्कर पकड़ी गई
मधुपुर आरपीएफ की टीम ने चेरापल्ली से दरभंगा जा रही ट्रेन से एक महिला शराब तस्कर को पकड़ा है। आरपीएफ की टीम ने उसके पास से हजारों रुपए मूल्य का अवैध शराब भी बरामद किया है। बताया जाता है कि आरपीएफ की ओर से चेरापल्ली-दरभंगा एक्स्प्रेस में तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।
इस बीच ट्रेन के बी-3 कोच में चलती ट्रेन के डिब्बे के अंदर एक महिला को संदिग्ध रूप से घूमते हुए देखा गया। पूछताछ करने पर उसके पास से कोई वैध टिकट नहीं मिला। संदेह होने पर उसके बैग की जांच की गई। जिसमे दो हैंड बैग में झारखंड राज्य में निर्मित रॉयल झारखंड डिलक्स शराब बरामद हुआ।
पहले बैग में 20 बोतल और दूसरे बैग में 15 बोतल कुल 35 बोतल शराब की बोतलें मिली। पकड़ी गई महिला की पहचान गुंजा देवी के तौर पर हुई है। वह बिहार के समस्तीपुर जिला की निवासी है। आरपीएफ ने जप्त किए गए शराब और गिरफ्तार महिला आगे की कार्रवाई करने के लिए उत्पाद विभाग देवघर को सौंप दिया है।
