कर्नाटक में जुटेंगे RSS और भाजपा समेत 32 संगठनों के प्रमुख नेता, राम मंदिर मुद्दे पर होगा मंथन
कर्नाटक के बेलगावी में आरएसएस की तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक शुरू हो रही है, जिसमें मोहन भागवत समेत कई पदाधिकारी शामिल होंगे। ...और पढ़ें

सरसंघचालक मोहन भागवत। (फाइल फोटो)
HighLights
बेलगावी में आरएसएस की तीन दिवसीय प्रांत प्रचारक बैठक शुरू।
संगठनात्मक बदलाव, राम मंदिर और शताब्दी वर्ष पर मंथन होगा।
यह संघ की अंतिम अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक होगी।
संजय कुमार, रांची। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक शुक्रवार से कर्नाटक के बेलगावी में प्रारंभ होगी।
तीन दिवसीय बैठक में सरसंघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी छह सह सरकार्यवाह, सभी अखिल भारतीय अधिकारी, सभी 11 क्षेत्रों के क्षेत्र प्रचारक व सह क्षेत्र प्रचारक, सभी 46 प्रांतों के प्रांत प्रचारक एवं सह प्रांत प्रचारक भाग लेंगे।
इसके साथ ही विहिप, अभाविप, वनवासी कल्याण आश्रम, भाजपा सहित सभी 32 समवैचारिक संगठनों के संगठन मंत्री भी भाग लेंगे।
गुरुवार को छोटी टोली की बैठक भी हुई। संघ के इतिहास में यह अंतिम अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक होगी। अगले वर्ष से सभी अखिल भारतीय बैठकें क्षेत्र के अनुसार होंगी। तीन वर्ष पर होने वाली चुनावी वर्ष में प्रतिनिधि सभा केवल नागपुर में होगी।
राम मंदिर पर हुई चर्चा
गुरुवार को हुई बैठक में राम मंदिर के मुद्दे पर भी चर्चा हुई, जबकि शुक्रवार से प्रारंभ होने वाली बैठक में संघ के संगठनात्मक बदलाव के साथ-साथ राम मंदिर के मुद्दे पर भी चर्चा होगी।
संघ सूत्रों के अनुसार संघ के इतिहास में शायद पहली बार है जब संघ के प्रचारक का नाम इस तरह से उछाला गया है।चंपतराय और गोपाल राव संघ के प्रचारक हैं और दोनों को संघ ने विहिप में भेजा है।
खबरें और भी
इस घटना को लेकर संघ के स्वयंसेवकों के बीच भी कई तरह की चर्चाएं हो रही है। इसी कारण सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले को बयान जारी करना पड़ा। अब देखना है कि संघ इस मामले में क्या निर्णय लेता है।
हालांकि, यह विषय बैठक के आधिकारिक एजेंडे में शामिल नहीं है। बैठक में पूरे देश में हुए संघ शिक्षा वर्ग का भी विश्लेषण किया जाएगा।
संघ के शताब्दी वर्ष को लेकर चल रहे कार्यों पर भी होगा मंथन: अभी आरएसएस का शताब्दी वर्ष चल रहा है। इसको लेकर अलग-अलग कार्यक्रम किए जा रहे हैं। अभी युवाओं के बीच जाकर कार्यक्रम करना है।
एक सप्ताह लगेगी शाखा
कई स्थानों पर कार्यक्रम हो भी रहे हैं। इसके साथ 27 सितंबर से एक सप्ताह तक पूरे देश में सभी मंडलों व शहर के सभी मुहल्लों में शाखा लगाने की तैयारी चल रही है।
संघ ने तय किया है कि देश में अधिक से अधिक से स्थानों पर एक सप्ताह तक शाखा लगाई जाए। इसके लिए स्वयंसेवकों को दायित्व देने का कार्य जारी है। संघ ने अब तक कहां-कहां कितने कार्य किए इस पर विस्तृत चर्चा होगी।