रांची में अनशनकारी छात्रों से मिलीं कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सरकार संवाद से समाधान को तैयार
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने रांची के सदर अस्पताल में अनशनकारी छात्रों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने छात्रों की मांगों पर ...और पढ़ें
HighLights
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अनशनकारी छात्रों से मुलाकात की।
सरकार छात्रों की मांगों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।
संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालने पर जोर।
राज्य ब्यूरो, रांची। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बुधवार सदर अस्पताल, रांची में इलाजरत अनशनकारी छात्रों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
लगातार नौ दिनों से अनशन पर बैठे छात्रों की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर उन्होंने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार छात्रों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को रखने वाले हर छात्र के साथ सरकार की सहानुभूति और संवेदना है।
मंत्री ने सभी अनशनकारी छात्रों से अलग-अलग बातचीत की तथा उनकी मांगों, समस्याओं और आंदोलन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को विस्तार से समझा। उन्होंने कहा कि छात्रों की अधिकांश मांगों पर सरकार पहले ही सकारात्मक पहल करते हुए सहमति जता चुकी है।
शेष मांगों के समाधान को लेकर भी सरकार का रुख सकारात्मक है और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने के लिए सरकार के दरवाजे हमेशा खुले हैं। मुलाकात के दौरान अनशनकारी छात्रों ने यह महत्वपूर्ण जानकारी भी दी कि सरकार के साथ बातचीत के लिए आंदोलनकारियों की ओर से गठित डेलीगेशन टीम में अनशन पर बैठे छात्रों को शामिल नहीं किया गया था।
छात्रों से बातचीत में कई महत्वपूर्ण तथ्य और परिस्थितियां सामने आई हैं, जिन्हें पूरे मामले को समझने के लिए गंभीरता से देखा जाना आवश्यक है। शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि छात्रों से हुई बातचीत और उनके द्वारा साझा किए गए सभी महत्वपूर्ण तथ्यों से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अवगत कराया जाएगा।
खबरें और भी
सरकार का स्पष्ट मत है कि किसी भी समस्या का समाधान टकराव से नहीं, बल्कि संवाद, संवेदना और सकारात्मक पहल के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने कहा कि युवा और छात्र राज्य की ताकत हैं।
उनकी समस्याओं और भविष्य से जुड़े विषयों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाना चाहिए। सरकार की प्राथमिकता है कि छात्रों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए बातचीत के माध्यम से ऐसा समाधान निकाला जाए, जो सभी पक्षों के हित में हो।
मंत्री ने अनशनकारी छात्रों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और सकारात्मक संवाद के माध्यम से समाधान की प्रक्रिया में विश्वास बनाए रखने की अपील की।