स्मार्ट सिटी घूमने गई दो नाबालिग सहेलियों से दो अलग-अलग ग्रुप के युवकों ने की दरिंदगी, रांची से दो किशोर सहित 6 अरेस्ट
शर्मशार रांची: तुपुदाना में दो नाबालिग लड़कियों से हुए सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो नाबालिगों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने स ...और पढ़ें

तुपुदाना में सामूहिक दुष्कर्म के 6 आरोपी गिरफ्तार सभी को न्याय हिरासत में भेजा गया।
HighLights
तुपुदाना में दो नाबालिग लड़कियों से हुआ सामूहिक दुष्कर्म।
दो नाबालिगों सहित कुल छह आरोपी गिरफ्तार किए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा।
जागरण संवाददाता, तुपुदाना(रांची)। तुपुदाना के स्मार्ट सिटी क्षेत्र में घूमने गईं दो नाबालिग लड़कियों के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म (गैंग रेप) के मामले में धुर्वा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों (विधि विरुद्ध जन) सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार वयस्कों में तुपुदाना निवासी शुभम महतो, देव प्रसाद नायक और गुलाब महतो शामिल हैं। इनके अलावा दो अन्य नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है। धुर्वा थाना पुलिस ने पीड़िताओं के बयान के आधार पर आरोपियों से पूछताछ की और सभी को न्यायिक हिरासत में जेल व बाल सुधार गृह भेज दिया है।
दो अलग-अलग समूहों ने की दरिंदगी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार शाम करीब चार बजे जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के लटमा की रहने वाली दो सहेलियां घूमने के लिए बिरसा चौक पहुंची थीं। वहां से वे स्मार्ट सिटी चली गईं, जहां उनकी मुलाकात तीन लड़कों से हुई।
बातचीत के दौरान इन तीनों लड़कों ने स्मार्ट सिटी परिसर में ही दोनों नाबालिगों के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद तीनों आरोपी लड़कियों को वहीं बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए। कुछ देर बाद वहां कार से तीन लड़कों का एक दूसरा समूह पहुंचा।
उन्होंने पीड़िताओं को सुरक्षित घर पहुंचाने का झांसा दिया और कार में बैठा लिया। इसके बाद आरोपी उन्हें धुर्वा डैम साइड ले गए और वहां दोबारा दुष्कर्म किया।
दरिंदगी यहीं नहीं रुकी; आरोपी रात में दोनों लड़कियों को तुपुदाना स्थित एक किराए के मकान में ले गए (जहां एक आरोपी रहता था) और रातभर उनके साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया, जिससे दोनों की स्थिति बिगड़ गई।
डायल 112 की मदद से मुक्त हुईं पीड़िताएं
रविवार सुबह करीब चार बजे एक पीड़िता किसी तरह कमरे से बाहर निकलने में सफल रही और उसने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
खबरें और भी
तुपुदाना ओपी में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) शशिकांत ने तत्परता दिखाते हुए दोनों लड़कियों को कमरे से मुक्त कराया और मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया।बाद में, पीड़िताओं के बयान के आधार पर पुलिस ने पहली वारदात को अंजाम देने वाले अन्य तीन आरोपियों को भी तुपुदाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कर रही है आगे की जांच
शुरुआत में पुलिस ने इस मामले में कुल आठ युवकों को हिरासत में लिया था, लेकिन विस्तृत पूछताछ और जांच में दो युवकों के निर्दोष पाए जाने पर उन्हें थाने से छोड़ दिया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जगन्नाथपुर, धुर्वा और तुपुदाना थाने के बीच क्षेत्राधिकार (Jurisdiction) को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। आखिरकार, धुर्वा थाने में मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी गई है। धुर्वा पुलिस पूरे मामले की वैज्ञानिक और कानूनी जांच कर रही है।