Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 14, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Dumri By Election: जानें कौन हैं यशोदा देवी जो बेबी देवी को देने जा रही कड़ी टक्‍कर, राजनीति से है पुराना नाता

    By Jagran NewsEdited By: Arijita Sen
    Updated: Mon, 14 Aug 2023 12:17 PM (IST)

    Jharkhand Dumri By Election इस साल 6 अप्रैल को शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के निधन के बाद से डुमरी विधानसभा सीट खाली है जिस पर चुनाव कराना जरूरी है। इसी ...और पढ़ें

    डुमरी उपचुनाव में आजसू प्रत्‍याशी के नाम पर मुहर।
    डुमरी उपचुनाव में आजसू प्रत्‍याशी के नाम पर मुहर।

    राज्य ब्यूरो, रांची। डुमरी उपचुनाव में दिवगंत नेता दामोदर महतो की पत्नी यशोदा देवी आजसू पार्टी की प्रत्याशी होंगी। वह 17 अगस्त को नामांकन दाखिल करेंगी। भाजपा के साथ सहमति बनने के बाद पार्टी ने रविवार को कोर कमेटी की बैठक कर इस पर निर्णय लिया। इसी के साथ हरमू स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी विधिवत घोषणा की गई।

    बैठक में बनी आजसू प्रत्‍याशी पर सहमति

    रविवार को सबसे पहले भाजपा के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेई, प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी तथा विधायक लंबोदर महतो ने बैठक कर एनडीए गठबंधन के तहत डुमरी उपचुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ने का निर्णय लिया। साथ ही बैठक में आजसू के प्रत्याशी पर सहमति बनी। इसके बाद सुदेश महतो की अध्यक्षता में आजसू पार्टी की कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें यशोदा देवी के प्रत्याशी बनाए जाने पर मुहर लगी।

    उपचुनाव में दोनों पार्टी पूरी ताकत के साथ लड़ेगी:  लंबोदर महतो

    इधर, प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी महासचिव लंबोदर महतो ने कहा कि रामगढ़ उपचुनाव की तरह डुमरी उपचुनाव भी भाजपा और आजसू पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। गठबंधन धर्म का पालन करते हुए सरकार की कथनी और करनी को जन जन-तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।

    राज्य सरकार को 1932 के खतियान आधारित स्थानीय नीति, ओबीसी आरक्षण, बेरोजगारी भत्ता आदि पर सरकार को जवाब देना होगा। इस मौके पर आजसू बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष डोमन सिंह मुंडा, केंद्रीय प्रवक्ता देवशरण भगत आदि उपस्थित थे।

    जानें कौन हैं यशोदा देवी

    यशोदा देवी का राजनीति से गहरा नाता रहा है। उनके पति दामोदर महतो आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह डुमरी विधानसभा क्षेत्र प्रभारी रह चुके हैं। वह अविभाजित बिहार में जदयू संग भी जुड़ चुके हैं। नया राज्‍य झारखंड बनने के साथ वह आजसू में शामिल हो गए।

    खबरें और भी

    साल 2018 में उनके निधन के बाद अगले साल यानि कि 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में उनकी पत्‍नी यशोदी देवी आजसू के टिकट पद चुनाव लड़ीं। इसमें उन्‍होंने जगरनाथ महतो को कड़ी टक्‍कर देते हुए दूसरे नंबर पर रहीं। इस चुनाव में जगरनाथ महतो को 71,128 वोट मिले थे, जबकि यशोदा देवी को 36,840 मतदान हासिल हुए थे।

    2023 में जगरनाथ महतो के निधन के बाद इस सीट पर चुनाव कराना जरूरी समझा गया। अब उनका मुकाबला बेबी देवी से है। बता दें कि झामुमो प्रत्याशी के रूप में मंत्री बेबी देवी भी 17 अगस्त को नामांकन दाखिल करेंगी। नामांकन दाखिल करने की यह अंतिम तिथि है।