Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हावड़ा-गया एक्सप्रेस में शराब तस्करी का ‘तहखाना’! RPF ने 40 केन बीयर किया जब्त

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 05:24 PM (GMT+05:30)

    Beer Smuggling Busted: तस्करों ने हावड़ा-गया एक्सप्रेस में तहखाना बनाकर 40 केन बीयर छुपा रखी थी, जिसे आरपीएफ ने बरहड़वा में गुप्त सूचना पर पकड़ा। ...और पढ़ें

    बरामद बीयर के साथ बरहड़वा आरपीएफ की टीम। (फोटो साैजन्य)

    बरामद बीयर के साथ बरहड़वा आरपीएफ की टीम। (फोटो साैजन्य)

    HighLights

    1. हावड़ा-गया एक्सप्रेस में तहखाना बनाकर बीयर तस्करी।

    2. आरपीएफ ने 40 केन बडवाइज़र मैग्नम बीयर पकड़ी।

    3. साहिबगंज में जब्त बीयर की कीमत छह हजार रुपये।

    संवाद सहयोगी, बरहड़वा (साहिबगंज)। शराब तस्करी में शामिल लोग तस्करी के नए-नए तरीके खोज रहे हैं। तस्करों ने हावड़ा-गया एक्सप्रेस (13023) ट्रेन में तहखाना बनाकर उसमें बीयर का 40 केन छुपा दिया। हालांकि, तस्कराें के कारनामों की भनक आरपीएफ जवानों को लग गयी और पूरा माल पकड़ा गया।

    बरामद बीयर की कीमत छह हजार रुपये 

    बरामद बीयर की अनुमानित कीमत छह हजार रुपये बताई जा रही है। पूर्व रेलवे के तहत बरहड़वा आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार को उनके गुप्तचर ने सूचना दी कि हावड़ा- गया एक्सप्रेस से शराब की तस्करी की जा रही है। इसके बाद वह जवानों के साथ बरहड़वा में ट्रेन में सवार हो गए।

    एस थ्री के शौचालय की छत में बना था तहखाना 

    इसके बाद उनके नेतृत्व में जवान बरहड़वा में ट्रेन में सवार हुए और सभी बोगियों में छानबीन शुरू की। तीनपहाड़ स्टेशन के समीप ट्रेन के एस-थ्री की जांच के दौरान शौचालय के गेट पर छत में लगे प्लाईवुड पैनल को खोलने पर उसके अंदर बने गुप्त स्थान से 500 एमएल के 40 बडवाइज़र मैग्नम बीयर कैन मिले।

    आरपीएफ ने बरामद बीयर को तीनपहाड़ स्टेशन पर जब्त कर लिया। इसके बाद जब्त शराब को आरपीएफ पोस्ट बरहड़वा लाया गया। आरपीएफ के द्वारा अग्रेतर कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग साहिबगंज को सूचना दी है।

    यह ट्रेन बरहड़वा से रात 1.32 में खुली और तीनपहाड़ रात 1:46 में पहुंची। टीम में एएसआइ सुरेश पासवान, कांस्टेबल अनिल कुमार साह और कांस्टेबल रमेश यादव व ट्रेन एस्कार्ट पार्टी एएसआइ प्रसेनजीत दास एवं कांस्टेबल प्रवीण कुमार राय शामिल थे।

    खबरें और भी

    बिहार में शराबबंदी से बढ़ी तस्करी 

    मालूम हो कि बिहार में शराबबंदी है। जबसे शराबबंदी हुई तभी से ट्रेनों के माध्यम से तस्करी जारी है। पश्चिम बंगाल और झारखंड से बिहार की तरफ जानेवाली ट्रेनों के माध्यम से तस्कर तस्करी करते हैं। समय-समय पर पकड़े जाते हैं।