विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JPSC-JSSC पेपर लीक के विरोध में भाजपा उतरी मैदान में, अनंत ओझा के नेतृत्व में साहिबगंज में निकला मशाल जुलूस

Published: Fri, 31 Jul 2026 07:35 PM (IST)

झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी व पेपर लीक के विरोध में साहिबगंज समेत कई स्थानों पर मशाल जुलूस निकाला गया।

JPSC JSSC पेपर लिक के विरोध में साहिबगंज में मशाल जुलूस निकालते भाजपाई। (फोटो जागरण)

JPSC JSSC पेपर लिक के विरोध में साहिबगंज में मशाल जुलूस निकालते भाजपाई। (फोटो जागरण)

संवाद सहयोगी, साहिबगंज। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियां और पेपर लीक के विरोध में शुक्रवार की शाम जिला मुख्यालय में मशाल जुलूस निकाला गया। यह गांधी चौक से शुरू हुआ और शहर के विभिन्न भागों का भ्रमण किया। इसका नेतृत्व पूर्व विधायक अनंत ओझा ने किया। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश तिवारी भी शामिल थे। 

उधर, बरहड़वा नगर, ग्रामीण एवं पतना मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से मशाल जुलूस निकाला। जुलूस बरहड़वा नगर के स्टेशन चौक से बस स्टैंड तक गया। इसमें भाजपा जिला प्रभारी अमृत पांडे भी शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशाल और तख्तियां लेकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए अमृत पांडे ने कहा कि राज्य सरकार पेपर माफिया के साथ मिलकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। जेपीएससी-जेएसएससी जैसी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होना यह साबित करता है कि सरकार की नीयत में खोट है। उन्होंने कहा कि योग्य अभ्यर्थी मेहनत करके भी पीछे रह जा रहे हैं और पैसे के बल पर अयोग्य लोग चयनित हो रहे हैं।

बरहड़वा नगर अध्यक्ष राजकुमार भगत ने कहा कि घोटाले से राज्य के लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। यदि शीघ्र दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई और पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया बहाल नहीं की गई, तो भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन तेज करेगी। इस मुद्दे को लेकर भाजयुमो द्वारा शनिवार को साहिबगंज स्टेशन चौक पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

मौके पर बरहड़वा के भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष तारक घोष, पतना मंडल अध्यक्ष अनूप कुमार मंडल, भाजयुमो के अमित भारती, पूर्व नपं अध्यक्ष श्यामल दास, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष ललिता देवी आदि मौजूद थे।

भाजपा के तीनपहाड़ मंडल के तत्वावधान में शुक्रवार की संध्या भाजयुमो के नेतृत्व में जेपीएससी एवं जेएसएससी में भष्टाचार के विरोध में मशाल जुलूस निकाला। मशाल जुलूस आरपी विद्या विहार से निकल कर तीनपहाड़ स्टेट बैंक तक गया और वापस स्टेशन परिसर स्थित दुर्गा मंदरी में जाकर समाप्त हुआ।

इसका नेतृत्व करते हुए भाजपा तीनपहाड़ मंडल अध्यक्ष चंदन श्रीवास्तव ने कहा कि दोनों परिक्षा में हुई गड़बड़ी की नैतिक जबावदेही लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इस्तीफा देना चाहिए। इस दौरान युवा मोर्चा के सदस्य हाथ में मशाल लेकर झारखंड सरकार मुर्दाबाद का नारा लगा रहे थे। इस दौरान अजय सोनी, रितेश पाठक, छोटू रजक, विनीत कुमार, मो अबदुल्ला अंसारी, परमानंद मंडल आदि मौजूद थे।