साहिबगंज में जाली नोटों के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 200 रुपये के 14 जाली नोटों के साथ एक गिरफ्तार
राजमहल पुलिस ने डेढ़गामा से एक व्यक्ति को 200 रुपये के 14 जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

जाली नोट के साथ गिरफ्तार संतोष मंडल। (फोटो सौजन्य)
संवाद सहयोगी, राजमहल (साहिबगंज)। झारखंड के साहिबगंज जिले में जाली नोटों का कारोबार लगातार जारी है। यहां समय-समय पर जाली नोटों की खेप पकड़ी जाती रही है। हाल ही में एक बार फिर जाली नोटों की बरामदगी हुई है। बांग्लादेश के निकटता के कारण यहां जाली नोटों का छापना और उनका चोरी-छिपे पहुंचना आम बात है।
राजमहल थाना पुलिस ने शनिवार की संध्या एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि राजमहल थाना क्षेत्र के डेढ़गामा में एक युवक जाली नोट चलाने का प्रयास कर रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से 200 रुपये के 14 जाली नोट, कुल 2,800 रुपये, बरामद हुए। सभी नोटों को जब्त कर लिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने अपनी पहचान डेढ़गामा निवासी संतोष मंडल (42) के रूप में बताई। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी संतोष मंडल ने स्वीकार किया कि वह जाली नोटों के इस अवैध कारोबार में शामिल है। उसने खुलासा किया कि बरामद जाली नोट उसे टपुआ निवासी आनंदो मंडल ने बाजार में चलाने (परिचालन) के लिए दिए थे।
मुख्य आरोपी की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की, लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
संतोष मंडल की गिरफ्तारी से जाली नोटों के कारोबार में एक और कड़ी का खुलासा हुआ है, जिससे पुलिस को आगे की जांच में मदद मिलेगी।