झारखंड में 13 फीट से ऊंची नहीं होगी ताजिया, CCTV और ड्रोन से होगी जुलूस की निगरानी; मुहर्रम पर कड़े निर्देश
झारखंड के साहिबगंज में मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। उपायुक्त ने ताजिया की अधिकतम ऊंचाई 13 फीट र ...और पढ़ें

शांति समिति की बैठक। जागरण
HighLights
मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण संपन्न कराने को बैठक।
ताजिया की अधिकतम ऊंचाई 13 फीट निर्धारित।
सीसीटीवी और ड्रोन से होगी जुलूस की निगरानी।
जागरण संवाददाता, साहिबगंज। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सोमवार को हुई। अध्यक्षता उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने की। बैठक में जिले के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों, शांति समिति के सदस्यों तथा विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारियों ने प्रत्यक्ष एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने कहा कि मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित दायित्वों का निर्वहन समयबद्ध सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा, निगरानी एवं जनसुविधाओं से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखी जाएं।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन कर साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों पर किसी प्रकार का अवरोध, निर्माण सामग्री, विद्युत संबंधी खतरे इत्यादि का संबंधित पदाधिकारी तत्काल संज्ञान लेकर सुधारात्मक कार्रवाई करें।
पुलिस बल की तैनाती
उपायुक्त ने कहा कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि जुलूस मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
खबरें और भी
बैठक में सोशल मीडिया के दुरुपयोग को रोकने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने सभी नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें तथा शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। बैठक में ध्वनि विस्तारक यंत्रों एवं डीजे के उपयोग से संबंधित दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा की गई।
उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि इस संदर्भ में उच्च न्यायालय एवं सरकार द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि उच्च न्यायालय के आदेश एवं जेबीवीएनएल के एसओपी के अनुरूप मुहर्रम पर्व के दौरान जन सुरक्षा के दृष्टिकोण से जुलूस में शामिल झंडे, ताजिया की अधिकतम ऊंचाई जमीन से 13 फीट तक ही रहेगी।
साथ ही जुलूस में शामिल वाहनों की छत पर किसी भी व्यक्ति के बैठने पर प्रतिबंध रहेगा। मुहर्रम पर्व के दौरान प्रभावी निगरानी एवं त्वरित सूचना संप्रेषण के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किए जाने का निर्देश दिया गया।
नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पूरे जिले की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में डीडीसी सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता विजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आइंद, सिविल सर्जन डा रामदेव पासवान आदि शामिल थे।
निर्धारित मार्ग से निकालें जुलूस : एसडीपीओ
राजमहल थाना परिसर में सोमवार को मुहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई। इसमें सीओ सह बीडीओ मो यूसुफ, नपं अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, विधायक प्रतिनिधि सह नपं उपाध्यक्ष मो मारूफ, थानाप्रभारी हसनैन अंसारी आदि थे।
मौके पर एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने लोगों से प्रेम व उत्साह के साथ मुहर्रम पर्व मनाने की अपील की। लाइसेंसधारी अखाड़ाें को पूर्व निर्धारित मार्ग से जुलूस निकालने को कहा गया। लोगों से कहा कि अफवाहों पर ध्यान ना दें और किसी भी अराजक तत्वों की जानकारी अविलंब पुलिस को दें।
इस दौरान बड़े व भारी वाहनों का परिचालन भी बंद रहने की बात कही गई। बीडीओ मो यूसुफ ने कहा कि जुलूस के दौरान पुलिस की तैनाती की जाएगी। डीजे पर प्रतिबंध रहेगा। करबला ईदगाह चौक पर पुलिस की तैनाती रहेगी। मौके पर एसआइ महादेव उरांव, अनिल कुमार सहित, मो आजाद शेख, मकसूद अंसारी, अजय चौधरी, अनिता बसाक, कार्तिक साहा, सादिक अंसारी सहित अन्य भी मौजूद थे।
उधर, तीनपहाड़ थाना में राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी की अध्यक्षता शांति समिति की बैठक हुई। इसमे तीनपहाड़, जोंका गांव के तीन टोला पश्चिम टोला, बीच टोला एवं इंग्लिश टोला, साथ ही अयोध्या गांव में निकाले जाने वाले अखाड़े के समय की जानकारी ली गयी।
मुहर्रम कमेटी तीनपहाड़ ने नवमी को शाम छह बजे से रात्रि 10 बजे और दशमी को दिन के शाम पांच बजे से रात 12 बजे तक तीनपहाड़ बाज़ार में बड़ी वाहनों का नो इंट्री की मांग की गयी। नवमी और दशमी को महिला बल की मांग की गई।
मुहर्रम का अखाड़ा 26 जून को तीनपहाड़ में निकलेगा जो बाजार भ्रमण कर रात्रि में कर्बला पहुंचकर समाप्त होगा। बैठक में राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन, थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडेय, मो नाजिम लड्डू, प्रताप राय, आकाश साहा, मुख्तार शेख, मो ज़ाकिर, बुलंद अख्तर, मो खेरूल, साजिद अंसारी आदि थे।