तिलडांगा-न्यू फरक्का के बीच भू-धंसान से Malda Division में रेल सेवा प्रभावित, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
Sahibganj News: भारी बारिश के कारण तिलडांगा और न्यू फरक्का के बीच भू-धंसाव से मालदा रेल मंडल में ट्रेनों का परिचालन अस्त-व्यस्त हो गया है।
HighLights
तिलडांगा-न्यू फरक्का के बीच भू-धंसाव से रेल परिचालन बाधित।
चार पैसेंजर ट्रेनें रद्द, कई एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग बदला गया।
बरहड़वा-साहिबगंज यात्रियों को भारी परेशानी, रेलवे मरम्मत में जुटा।
संवाद सहयोगी, बरहड़वा (साहिबगंज)। भारी बारिश के बीच तिलडांगा और न्यू फरक्का के बीच अप लाइन पर भू-धंसान से मालदा रेल मंडल में परिचालन अस्त-व्यस्त हो गई है। रेलवे ट्रैक के आसपास जमीन धंसने से ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

सुरक्षा को देखते हुए पूर्व रेलवे ने कई ट्रेनों को रद करने के साथ दर्जनों ट्रेनों का मार्ग बदल दिया है। इसका सबसे ज्यादा असर बरहड़वा, साहिबगंज, पाकुड़ और मालदा के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ा है।
पैसेंजर ट्रेनों को किया रद
तीन सितंबर को बरहड़वा से अजीमगंज जाने वाली 53434 बरहरवा-अजीमगंज पैसेंजर और अजीमगंज से भागलपुर जाने वाली 53029 अजीमगंज-भागलपुर पैसेंजर रद्द कर दी गई।
वहीं, 63401 साहिबगंज-मालदा टाउन पैसेंजर और 63402 मालदा टाउन-साहिबगंज पैसेंजर का परिचालन भी रद्द रहा। पैसेंजर ट्रेनों के रद्द होने से छोटे स्टेशनों के यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गईं। इन ट्रेनों पर नौकरी, कारोबार, इलाज, पढ़ाई और रोजमर्रा के जरूरी काम से आने-जाने वाले यात्रियों की निर्भरता रहती है।
स्टेशन पहुंचने के बाद मिली ट्रेन रद होने की जानकारी
ट्रेनों के रद्द होने से कई यात्रियों की दिनभर की यात्रा योजना बिगड़ गई। सुबह स्टेशन पहुंच चुके यात्रियों को ट्रेन नहीं मिलने पर वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा। बस और निजी वाहनों पर निर्भरता बढ़ने से यात्रियों को अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ा। ग्रामीण और छोटे स्टेशनों से यात्रा करने वालों के लिए यह परेशानी और गंभीर रही।
कई एक्सप्रेस ट्रेनों के बदले मार्ग
भू-धंसान के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनों को भी परिवर्तित मार्ग से चलाया गया। नलहाटी-अजीमगंज-जंगीपुर रोड-न्यू फरक्का होकर तीन सितंबर को कोलकाता-हल्दीबाड़ी एक्सप्रेस(12363), हावड़ा-राधिकापुर एक्सप्रेस (13053), सियालदह-सबरूम एक्सप्रेस(13173), राँची कामख्या एक्सप्रेस(15661) व एसएमवीबी बेंगलुरु मालदा टाउन एक्सप्रेस (13433) ट्रेनों का मार्ग बदला गया।
वहीं, बिरशीबपुर होकर कंचनकन्या एक्सप्रेस(13149), दार्जिलिंग मेल(12343), जोगबनी एक्सप्रेस(13159), पदातिक एक्सप्रेस(12377), गौड़ एक्सप्रेस(13153) और 03 सितंबर की वंदे भारत एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाया गया। इससे ट्रेनों के समय और परिचालन पर भी असर पड़ने की स्थिति बनी है।
ट्रैक दुरुस्त करने में जुटा रेलवे
भू-धंसान की सूचना के बाद रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची है। प्रभावित हिस्से को सुरक्षित बनाने और ट्रैक को स्थिर करने का काम चल रहा है। मरम्मत पूरी होने तक इस रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन में बदलाव जारी रहने की संभावना है।
बरहड़वा-साहिबगंज रेलखंड के यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि पैसेंजर ट्रेनों के रद्द होने के साथ एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन से सामान्य रेल सेवा बुरी तरह प्रभावित हुई है। रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को अब रेलवे की अगली सूचना का इंतजार है।
