साहिबगंज में 1.28 लाख मतदाता संदिग्ध, SIR के प्रथम चरण का काम पूरा; 5 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची
SIR: साहिबगंज में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का पहला चरण पूरा हो गया है, जिसमें 1.28 लाख मतदाता संदिग्ध पाए गए हैं। ...और पढ़ें

साहिबगंज में SIR के प्रथम चरण का काम पूरा। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, साहिबगंज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान का प्रथम चरण बुधवार को पूरा कर लिया गया। बीएलओ द्वारा वितरित किए गए गणना प्रपत्रों को एकत्र कर उन्हें वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया।
साहिबगंज जिले में करीब एक लाख 27 हजार 851 मतदाता संदिग्ध मिले हैं। संदिग्ध मतदाताओं में मृत, शिफ्ट, डुप्लीकेट, अबसेंट तथा गणना प्रपत्र न लेने वाले मतदाता शामिल हैं। इसमें सबसे अधिक बोरियो में हैं। अब पांच अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं होगा वह दावा आपत्ति कर सकेंगे। निर्धारित दस्तावेज देने पर उनका नाम पुन: मतदाता सूची में जोड़ दिया जाएगा। बोरियो विधान सभा क्षेत्र में 53 हजार 565 संदिग्ध मतदाता मिले हैं।
इनमें 10859 की मौत हो चुकी है। 20155 अबसेंट मिले। 16537 शिफ्ट हो गए। 71 ने गणना प्रपत्र नहीं लिया जबकि 5943 दूसरी जगह के मतदाता हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 81.32 प्रतिशत मतदाताओं के गणना प्रपत्र डिजिटाइज हो चुके हैं।
खबरें और भी
18.68 प्रतिशत शेष रह गए हैं। उधर, राजमहल विधानसभा क्षेत्र में 39 हजार 809 एवं बरहेट विधानसभा क्षेत्र में 34 हजार 477 मतदाता संदिग्ध मिले हैं। पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में आने वाले बरहड़वा में 8152 मतदाता संदिग्ध मिले हैं।
राजमहल के 8659 मतदाताओं की मौत हो चुकी है। 12768 अबसेंट मिले। 14240 शिफ्ट हो चुके हैं। 3877 मतदाताओं का नाम दो जगह है।
265 ने गणना प्रपत्र नहीं लिया। इसी तरह बरहेट में 8868 मतदाताओं की मौत हो चुकी है। 7049 अबसेंट मिले। 13982 शिफ्ट हो चुके हैं। 4384 का नाम दो जगह है। 194 ने गणना प्रपत्र नहीं लिया।