साहिबगंज की 10 प्रमुख सड़कों की बदलेगी सूरत, 5 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का टेंडर जारी
साहिबगंज जिले की 10 प्रमुख सड़कों के लिए पथ निर्माण विभाग ने 5 करोड़ रुपये से अधिक की 13 परियोजनाओं का टेंडर जारी किया है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
साहिबगंज की 10 प्रमुख सड़कों की मरम्मत होगी।
5 करोड़ से अधिक की 13 परियोजनाओं का टेंडर जारी।
मानसून में निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठे।
संवाद सहयोगी, बरहड़वा (साहिबगंज)। जिले की जर्जर सड़कों की दशा सुधारने की दिशा में पथ निर्माण विभाग ने बड़ी पहल की है। विभाग ने जिले की 10 प्रमुख सड़कों की विशेष मरम्मत, पाट एवं पैच कार्य, आरसीसी नाली निर्माण, पुल-पुलिया निर्माण, बाक्स कलवर्ट, रिटेनिंग वाल तथा संकीर्ण पुल के चौड़ीकरण समेत करीब 13 योजनाओं के लिए पांच करोड़ रुपये से अधिक की लागत से टेंडर जारी किया गया है।
गौरतलब हो कि जिले की कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से गड्ढों और क्षतिग्रस्त सतह के कारण लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। खासकर बरहेट- बरहड़वा, बोरियो- तीनपहाड़-राजमहल, मोगलपाड़ा -फरीदपुर, उधवा-सिरासिन तथा मंगलहाट-तालझारी मार्ग पर आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
बरसात के दौरान इन मार्गों की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। ऐसे में इन सड़को में मरम्मत सहित अन्य कार्यों के पूरा होने से लंबे समय से खराब सड़कों पर आवागमन आसान होने और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।
मानसून में टेंडर जारी होने पर उठ रहे सवाल : हालांकि, विभाग की इस पहल के बीच समय को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। वर्तमान में मानसून का मौसम होने से सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं मानी जाती हैं।
खबरें और भी
लगातार बारिश के कारण गुणवत्तापूर्ण कार्य कराना चुनौतीपूर्ण रहेगा। ऐसे में स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश के बीच कार्य शुरू होता है तो गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। विशेषज्ञ भी मानते हैं कि सड़क निर्माण का उपयुक्त समय मानसून के बाद होता है।
मरम्मत, नाली निर्माण, पुलों के चौड़ीकरण का होगा काम
विभाग द्वारा जारी टेंडर के अनुसार बरहेट-बरहड़वा (एमडीआर-211) पथ की 21 किलोमीटर लंबाई में करीब एक करोड़ रुपये की विशेष मरम्मत कराई जाएगी। इसी मार्ग के विभिन्न हिस्सों में लगभग 80 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नालियां भी बनाई जाएंगी। बोरियो-तीनपहाड़-राजमहल मार्ग के दो हिस्सों में विशेष मरम्मत, नाली निर्माण और संकीर्ण पुल के चौड़ीकरण का कार्य होगा।
इसके अलावा शोभनपुरभट्ठा-राजगांव पथ पर दो आरसीसी बॉक्स कलवर्ट, पतना-हिरणपुर मार्ग पर आरसीसी नाली व पुल के सुरक्षात्मक कार्य, गोविंदपुर- दुमका- साहिबगंज (एसएच-18) पर पुलिया विस्तार तथा अन्य सड़कों पर पॉट एवं पैच मरम्मत के कार्य भी शामिल हैं।
विभाग ने विभिन्न योजनाओं के लिए एक से चार माह तक की समय-सीमा निर्धारित की है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि मानसून के बीच कार्य कब शुरू होता है और निर्माण की गुणवत्ता किस स्तर की रहती है।
जिले की सड़कों के लिए स्वीकृत योजनाएं व राशि
1. बोरियो-तीनपहाड़-राजमहल पथ के किमी 14.00 से 28.00 के बीच - 25 लाख रुपये
2. उधवा(एनएच-80) से सिरासिन (एनएच-80) पथ के किमी 0.00 से 12.00 तक पॉट एवं पैच - 20 लाख रुपये
3. मंगलहाट-तालझारी पथ के किमी 0.00 से 4.65 के बीच - 10 लाख रुपये
4. कोटालपोखर से पश्चिम बंगाल पथ के सेकेंड एवं थर्ड किमी पर - 20 लाख रुपये
5. मोगलपाड़ा से फरीदपुर पश्चिम बंगाल सीमा पथ के किमी 0.00 से 10.86 के बीच - 25 लाख रुपये
6. पतना-हिरणपुर पथ के 5वे किमी में आरसीसी नाली निर्माण - 25 लाख रुपये
7. शोभनपुरभट्ठा से राजगांव पथ के थर्ड एवं फोर्थ किमी में दो आरसीसी बॉक्स कलवर्ट निर्माण - 50 लाख रुपये
8. महाराजपुर शर्मापुर पथ के 24वें किमी तीनपहाड़ में ह्यूम पाइप पुलिया निर्माण - 10 लाख रुपये
9. बोरियो-तीनपहाड़-राजमहल पथ के 15वे एवं 23वे किमी में नाली निर्माण - 25 लाख रुपये
10. बोरियो-तीनपहाड़-राजमहल पथ के 17वे किमी में संकीर्ण पुल का चौड़ीकरण - 25 लाख रुपये
11. मंगलहाट-तालझारी पथ के दूसरे किमी पुलिया के सुरक्षात्मक कार्य हेतु रिटेनिंग वाल निर्माण - पाँच लाख रुपये
12. पतना-हिरणपुर पथ के 9वे किमी में पुल का सुरक्षात्मक कार्य - 10 लाख रुपये
13. गोविंदपुर-दुमका-साहिबगंज पथ के ( एसएच-18) के किमी 257 में पुलिया विस्तार - 25 लाख रुपये
14. बरहेट-बरहड़वा (एमडीआर-211) पथ के किमी 0.00 से 21.00 तक विशेष मरम्मती - 99 लाख 99 हजार 700 रुपये
15. बरहेट-बरहड़वा पथ के 5वे, 9वें तथा 20वे किमी में आरसीसी नाली निर्माण - 79 लाख 99 हजार 870 रुपये
16. बोरियो-तीनपहाड़-राजमहल पथ के किमी 0.00 से 14.00 किमी में विशेष मरम्मती - 59 लाख 99 हजार 589 रुपये