Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मॉर्निंग वॉक पर निकला साहिबगंज का छात्र 24 घंटे बाद भागलपुर में मिला, गुमशुदगी की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 03:10 PM (IST)

    Sahibganj News: पतना से मॉर्निंग वॉक पर निकला 14 वर्षीय छात्र गौरव उर्फ श्रीशांत 24 घंटे बाद भागलपुर स्टेशन पर सकुशल मिल गया। ...और पढ़ें

    भागलपुर स्टेशन पर गौरव के साथ स्वजन। (फोटो साैजन्य)

    भागलपुर स्टेशन पर गौरव के साथ स्वजन। (फोटो साैजन्य)

    HighLights

    1. 14 वर्षीय छात्र गौरव मॉर्निंग वॉक के बाद लापता हुआ।

    2. लगभग 24 घंटे बाद भागलपुर स्टेशन पर सकुशल मिला।

    3. पुलिस अब छात्र से लापता होने का कारण पूछेगी।

    संवाद सहयोगी, पतना(साहिबगंज)।मॉर्निंग वॉक पर निकले 14 वर्षीय छात्र के अचानक लापता होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। साहिबगंज स्टेशन तक पहुंची उसकी आखिरी लोकेशन के बाद मानो वह रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था।

    पुलिस हर कड़ी जोड़ने में जुटी थी और परिजन बदहवास थे। करीब 24 घंटे की तलाश के बाद आखिरकार भागलपुर स्टेशन पर पुलिस और आरपीएफ की मदद से छात्र सकुशल मिल गया, जिससे पूरे परिवार ने राहत की सांस ली।

    जानकारी के अनुसार कुम्हरिया निवासी संदीप साह का 14 वर्षीय पुत्र गौरव उर्फ श्रीशांत शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे प्रतिदिन की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

    इसके बाद परिजनों ने रांगा थाना में लिखित आवेदन देकर बरामदगी की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बरहड़वा पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार,रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव और एसआई गौरव कुमार खुद पीड़ित के घर पहुंचे।

    पता चला कि उसी दिन स्कूल में परीक्षा का रिजल्ट आया था। वह होली फैमिली स्कूल बरहड़वा में कक्षा 10वीं का छात्र है। पुलिस ने परिवार के साथ स्कूल जाकर प्रिंसिपल से इसकी जानकारी ली। पता चला कि वह पास था। फिर उसके इस्तेमाल किए जाने वाले नंबर का सीडीआर भी निकलवाया लेकिन शुरुआती जांच में कोई ठोस सुराग नहीं मिला।

    खबरें और भी

    सीसीटीवी ने खोला राज, साहिबगंज में टूटी कड़ी

    जांच में सीसीटीवी फुटेज सबसे अहम कड़ी बनी। खैरबनी में लगे एक घर के कैमरे में वह सुबह 4:58 बजे बरहड़वा की ओर पैदल जाता दिखा। वहीं उसके दोस्तों से पूछताछ में नया मोड़ आया।

    दोस्तों ने बताया कि वह दो तीन दिन पहले कामाख्या जाने की बात कर रहा था। इसी सूचना पर बरहड़वा आरपीएफ की मदद से स्टेशन के सीसीटीवी खंगाले गए तो वह प्लेटफॉर्म नंबर एक पर वनांचल एक्सप्रेस में चढ़ते हुए साफ दिखा।

    सुबह करीब 7 बजे साहिबगंज स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर वह अकेले टहलता हुआ आखिरी बार कैमरे में कैद हुआ। जिसके बाद वह कहां गया यह रहस्य बन गया था।परिजन अपने पड़ोसियों को लेकर रात करीब 9 बजे बरहड़वा स्टेशन पहुंचे और आरपीएफ के साथ गुवाहाटी एक्सप्रेस और ब्रह्मपुत्र मेल की बोगी-बोगी तलाशी ली लेकिन वह नहीं मिला।

    फिर परिजन रात में ही साहिबगंज निकल गए। वहां पता चला कि वह टिकट लिया था। उसके बाद परिजन भागलपुर निकल गए। जहां प्लेटफॉर्म के एक कोने में वह बैठे हुए मिला।

    दो फोन घर पर छोड़ने से खड़े हुए थे कई सवाल

    सबसे बड़ी परेशानी यह थी कि किशोर के पास अपना कोई मोबाइल फोन नहीं था।उसके पास दो डिवाइस थे फिर भी वह दोनों घर पर छोड़कर खाली हाथ निकला था।इसी से पुलिस को शक था कि कहीं गेमिंग या किसी ऑनलाइन संपर्क के कारण तो उसने यह कदम नहीं उठाया?या वह नहीं चाहता था कि उसकी लोकेशन ट्रेस हो?

    साहिबगंज से भागलपुर कैसे पहुंचा?

    अब इस पूरी पहेली का अंत भागलपुर में हुआ है। श्रीशांत साहिबगंज स्टेशन पर वनांचल एक्सप्रेस से उतरने के बाद टिकट लिया और वहां से लोकल ट्रेन पकड़कर भागलपुर चला गया। साहिबगंज से साढ़े तीन बजे एक्स्प्रेस ट्रेन था लेकिन वह लोकल ट्रेन से गया। फिर भागलपुर स्टेशन पर ही परिजनों ने उसे खोज निकाला।

    इधर थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव ने बताया कि किशोर सकुशल मिल गया है।पुलिस उससे पूछताछ और काउंसलिंग करेगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह बिना पैसे,बिना कपड़े और बिना फोन के घर से क्यों निकला और क्या वाकई कामाख्या जाने की बात में कोई ऑनलाइन दोस्त का हाथ था या यह महज नादानी में उठाया गया कदम था।