सिमडेगा में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, लाखों की चोरी का सामान बरामद
सिमडेगा पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरोह से लाखों के जेवरात, नकदी और अन्य सामान बरामद किए गए, ...और पढ़ें

सिमडेगा पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्य दबोचे।
HighLights
सिमडेगा पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्य दबोचे।
लाखों के जेवरात, नकदी सहित चोरी का सामान बरामद किया।
संवाद सहयोगी, सिमडेगा। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर जिले समेत पड़ोसी राज्यों में हुई कई चोरी की वारदातों का खुलासा किया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के जेवरात, नकदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा अन्य सामान भी बरामद किया है। इस मामले में एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने प्रेस वार्ता में बताया कि हरिजन टोली निवासी राहुल कुमार सिंह के घर में हुई चोरी के मामले में 5 जुलाई 2026 को सिमडेगा थाना में मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक रणवीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में छापेमारी की गई।
इस कार्रवाई के दौरान तपकरा थाना क्षेत्र के सुरुईडीह निवासी अनिकेत टोप्पो 19 वर्षीय तथा वर्तमान में तपकरा के गांधी नगर क्षेत्र में रहने वाले सैफ अली 22 वर्षीय को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सिमडेगा में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किए गए।
खबरें और भी
एसपी ने कहा कि जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों ने सिमडेगा थाना क्षेत्र के सलडेगा बरपानी स्थित राशन दुकान में हुई चोरी की घटना को भी अंजाम दिया था। इस मामले में दर्ज कांड संख्या 87/2026 का भी पुलिस ने सफल उद्भेदन कर चोरी गया राशन बरामद कर लिया है।
वहीं गिरफ्तार आरोपियों ने छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी, फरसाबहार तथा झारखंड के गुमला जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं में भी अपनी भूमिका स्वीकार की है। जिले में हुई चोरी की वारदातों में करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी एवं अन्य कीमती सामान चोरी किए गए थे, जिनमें से बड़ी मात्रा में सामान बरामद कर लिया गया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ के विभिन्न थानों में चोरी के कई पुराने मामले पहले से दर्ज हैं। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर कुल पांच चोरी की घटनाओं का सफल उद्भेदन किया है।
वहीं गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम में सदर थानाप्रभारी संजीत कुमार, केसरई थानाप्रभारी विनायक पांडेय सहित अन्य शामिल रहे।