झारखंड के लाल का कमाल: अकरम अहमद ने नेशनल पावरलिफ्टिंग में जीता गोल्ड, अमलापुरम में लहराया परचम
झारखंड के सिमडेगा जिले के अकरम अहमद ने आंध्र प्रदेश के अमलापुरम में आयोजित नेशनल सब जूनियर एंड जूनियर क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण ...और पढ़ें

आंध्र प्रदेश के अमलापुरम में अकरम अहमद ने नेशनल पावरलिफ्टिंग में जीता गोल्ड मेडल।
HighLights
अमलापुरम में 120 किलोग्राम प्लस जूनियर कैटेगरी में हासिल की जीत।
247.5 किलोग्राम डेडलिफ्ट उठाकर झारखंड का नाम रोशन किया।
संसू, सिमडेगा/कोलेबिरा। झारखंड के सिमडेगा जिले के कोलेबिरा प्रखंड अंतर्गत लसिया गांव के अकरम अहमद ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीतकर पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। आंध्र प्रदेश के अमलापुरम में आयोजित नेशनल सब जूनियर एंड जूनियर क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में अकरम ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
400 खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला
अमलापुरम के सतनारायण गार्डन में 15 मई से 20 मई 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से 400 से अधिक शीर्ष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इस कड़े मुकाबले में अकरम अहमद ने 120 किलोग्राम प्लस जूनियर कैटेगरी में झारखंड का प्रतिनिधित्व किया।
उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 247.5 किलोग्राम की भारी-भरकम डेडलिफ्ट सफलतापूर्वक उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। राष्ट्रीय चैंपियन बनने के बाद अकरम अहमद ने अपनी इस बड़ी सफलता का श्रेय अपने गुरु और 'कसरत क्लब कोलेबिरा' के संचालक राहुल कुमार साहू को दिया।
अकरम ने कहा कि यह जीत बरसों की कड़ी मेहनत, कड़े अनुशासन और गुरु के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। राष्ट्रीय स्तर पर देश के बेहतरीन लिफ्टर्स के बीच मुकाबला बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन अटूट आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास ने मुझे इस मुकाम तक पहुंचाया।
इलाके में खुशी की लहर, युवाओं के लिए बने प्रेरणा
अकरम अहमद के गोल्ड मेडल जीतने की खबर जैसे ही उनके गृह जिले सिमडेगा और कोलेबिरा पहुंची, पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल बन गया। खेल प्रेमियों, ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अकरम की इस सफलता पर उन्हें बधाई दी है।
लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में सीमित संसाधनों के बावजूद अकरम ने जो मुकाम हासिल किया है। वह जिला और राज्य के अन्य उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।