सिमडेगा के कोलेबिरा में कंटेनर-ट्रेलर की भीषण टक्कर, चालक बुरी तरह घायल
सिमडेगा के कोलेबिरा में नवाटोली आम बगीचा के पास एक कंटेनर और ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के कारण ...और पढ़ें

कोलेबिरा में कंटेनर और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर। जागरण
HighLights
कोलेबिरा में कंटेनर और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर।
ट्रेलर चालक पप्पू पाल गंभीर रूप से घायल।
जागरण संवाददाता, सिमडेगा। सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलेबिरा–सिमडेगा मुख्य मार्ग पर नवाटोली आम बगीचा के समीप सोमवार को कंटेनर और ट्रेलर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंटेनर (नंबर MH 04 MR 4996) मुंबई से रांची कुरियर का सामान लेकर जा रहा था, जबकि ट्रेलर (नंबर RJ 33 GH 3855) राजस्थान से राउरकेला की ओर जा रहा था। नवाटोली आम बगीचा के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे में ट्रेलर चालक पप्पू पाल, निवासी कानपुर, ट्रेलर के केबिन में फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों, कोलेबिरा पुलिस तथा हाइड्रा मशीन की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद घायल चालक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोलेबिरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
दुर्घटना के कारण मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए बड़े मालवाहक वाहनों का आवागमन बाधित रहा और लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
दूसरी घटना- चलती बस का अगला चक्का खुला, बड़ा हादसा टला
वाचस्पति मिश्रा, सिमडेगा। जिले में यात्री बस का बड़ा हादसा मंगलवार को टल गया। सिमडेगा से रांची जा रही शिवम नामक नॉन स्टॉप यात्री बस मंगलवार को एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। जानकारी के अनुसार बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी और तेज रफ्तार से रांची की ओर जा रही थी।
खबरें और भी

इसी दौरान सदर थाना क्षेत्र के अरानी के पास एनएच 143 पर अचानक बस का अगला चक्का खुलकर अलग हो गया। चक्का निकलते ही तेज आवाज के साथ बस सड़क पर अटक गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अचानक लगे झटके और तेज धमाके से बस में सवार लोग घबरा गए। हालांकि चालक की सूझबूझ और किस्मत से बस अनियंत्रित होकर नहीं पलटी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के तुरंत बाद सभी यात्री बस से उतर गए। इस हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा।